Sonbhadra News : गांधी जयंती पर डीएम ने गांधी-शास्त्री को किया नमन, 7 क्षय रोगियों को बांटी पोषण पोटली

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गांधी उद्यान में गांधी जी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में गांधी जी की प्रिय रामधुन ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम….’ का सामूहिक गायन किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में उतारने का आह्वान किया।

अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ –

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व की धरोहर हैं। उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश की स्वतंत्रता के लिए कठिन संघर्ष किया। गांधी जी के विचारों और आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा।

स्वच्छता को लेकर दिलाया संकल्प –

डीएम ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को अपने जीवन में विशेष महत्व दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल की स्वच्छता को प्राथमिकता देने और नियमित साफ-सफाई के लिए संकल्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी सामाजिक न्याय, अहिंसा, शांति और मानवता का संदेश देते हैं।

7 क्षय रोगियों को बांटी पोषाहार पोटली –

गांधी जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के चिन्हित सात क्षय रोगियों को पोषाहार पोटली वितरित की। पोषाहार पोटली प्राप्त करने वालों में जितेन्द्र कुमार सिंह, सुरेन्द्र नाथ, रीता देवी, रामाशंकर विश्वकर्मा, कन्हैया यादव, शान्ति देवी और किरन देवी शामिल रहीं।

इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला, एडीएम नमामि गंगे रोहित यादव, एडीएम न्यायिक रमेश चन्द्र, उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट आकांक्षा गौतम, सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, प्रशासनिक अधिकारी रामलाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन न्याय सहायक सुरेश पाठक ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now