आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा पुलिस व्यवस्था को प्रभावी एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा ने छह पुलिस अधिकारियों की स्थानांतरण एवं नवीन तैनाती की है। इनमें एक निरीक्षक, चार उपनिरीक्षक और एक महिला उपनिरीक्षक शामिल हैं।
एसपी के आदेश के अनुसार, ओबरा थाना प्रभारी नागेश सिंह के गैर-जनपद स्थानांतरण के बाद ओबरा और अनपरा थाने में प्रभारी पद को लेकर बदलाव की आवश्यकता बनी हुई थी। इसी क्रम में निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव को प्रभारी निरीक्षक अनपरा से प्रभारी निरीक्षक ओबरा बनाया गया है। वहीं उपनिरीक्षक राजेश जी चौबे को थानाध्यक्ष पिपरी से थानाध्यक्ष अनपरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र सरोज, जो चौकी प्रभारी रेनुकूट के पद पर तैनात थे, अब थानाध्यक्ष म्योरपुर की जिम्मेदारी संभालेंगे।
उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव को चौकी प्रभारी बीना से थानाध्यक्ष पिपरी बनाया गया है। वहीं म्योरपुर के थानाध्यक्ष रहे उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह को चौकी प्रभारी डाला की जिम्मेदारी दी गई है। महिला पुलिस व्यवस्था में भी बदलाव करते हुए महिला उपनिरीक्षक रीता यादव को थाना पिपरी से स्थानांतरित कर थानाध्यक्ष महिला थाना रॉबर्ट्सगंज बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि “पुलिस अधिकारियों की नवीन तैनाती का उद्देश्य जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना तथा आमजन को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें और आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें।”





