लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर लगातार दूसरे दिन भी जोरदार प्रदर्शन किया। आरक्षण विसंगतियों को दूर कर नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग कर रहे अभ्यर्थियों ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के आवास का घेराव किया और बाहर बैठकर ‘राजभर चाचा न्याय करो’ के जमकर नारे लगाए। करीब आधे घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की भी हुई। अभ्यर्थियों ने पुलिस प्रशासन पर जबरन हटाने, बदसलूकी करने और कपड़े तक फाड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें हटाकर जबरन ईको गार्डन भेज दिया गया। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने ‘ऐसी क्या मजबूरी है-आरक्षण की चोरी है’ जैसे नारे लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए भीतर बुलाया और उनकी समस्याओं को सुना। अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2018 की भर्ती में आरक्षण नियमों की अनदेखी हुई है, जिसे लेकर राज्य व राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग भी जरूरी निर्देश जारी कर चुके हैं। प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थी नवीन व आशुतोष वर्मा ने बताया कि हाल ही में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी के साथ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में गड़बड़ियों पर चर्चा हुई थी, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकला। विगत आठ वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे पीड़ितों ने साफ किया है कि जब तक संशोधित चयन सूची और भर्ती का नया शेड्यूल जारी नहीं हो जाता, तब तक उनका यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





