म्योरपुर (सोनभद्र)। म्योरपुर थाना क्षेत्र के आश्रम मोड़ स्थित एक बंद मकान का ताला चटकाकर बेखौफ चोरों ने करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण व अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय गृहस्वामी अपने परिवार के साथ पैतृक गांव गए हुए थे। शनिवार की सुबह जब स्थानीय लोगों ने मकान का मुख्य दरवाजा खुला देखा, तो घटना की जानकारी गृहस्वामी को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित गृहस्वामी प्रीतम सिंह के अनुसार, वे करीब एक सप्ताह पूर्व अपने परिवार के साथ नगवां ब्लॉक स्थित पैतृक गांव चौखड़ा गए हुए थे, जिसके कारण उनका आश्रम मोड़ स्थित मकान बंद था। शनिवार की सुबह पड़ोसियों से घर का मुख्य द्वार खुला होने की सूचना मिलने पर जब वे पहुंचे, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और कमरे के अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए और अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण व अन्य सामान समेटने के बाद मकान के पिछले दरवाजे से फरार हो गए। चोरी की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.






