पिपरी (सोनभद्र)। जिले की एक अनुसूचित जाति की युवती ने झांसी में तैनात सिपाही पति पर प्रेम विवाह के बाद दूसरी शादी करने और 25 लाख रुपये दहेज मांगने का संगीन आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पिपरी पुलिस ने सिपाही पति सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, धोखाधड़ी और एससी-एसटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस को सौंपी गई तहरीर में तुर्रा निवासी पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2018 में झांसी के डोरी फतेहपुर निवासी अंकित यादव ने उससे प्रेम विवाह किया था, जिसका विधिवत पंजीकरण दुद्धी सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में कराया गया था।
समारोह और शादी के शुरुआती दिनों में आरोपी अंकित ने पारिवारिक नाराजगी का हवाला देकर विवाह की बात छिपाए रखी। वर्ष 2020 में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर चयन होने के बाद अंकित का रवैया बदलने लगा। हालांकि, सामाजिक मान्यता देने के उद्देश्य से 10 मई 2023 को वाराणसी में पुनः दोनों का विवाह संपन्न हुआ और आरोपी ने युवती को बांदा में किराए के मकान में साथ रखा। आरोप है कि सिपाही बनने के बाद आरोपी ने धीरे-धीरे उससे दूरी बना ली और 25 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। इतना ही नहीं, पीड़िता को धोखे में रखकर आरोपी सिपाही ने दूसरी शादी भी रचा ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला पंजीकृत कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.






