आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• 24 अक्टूबर से शुरू होगी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा, तैयारियां पूरी
सोनभद्र । डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं बुधवार को तीसरे दिन तीन परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गईं। अंतिम दिन तीन पालियों में हुई परीक्षा में पंजीकृत 1007 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 956 प्रशिक्षु परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 51 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान का सचल दल लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करता रहा।
शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज और आदर्श इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से शुरू हुई। इसके बाद दूसरी पाली की परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कराई गई। तीसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से तीन बजे तक हुई।
परीक्षा के दौरान डायट के सचल दल ने विभिन्न केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के साथ ही निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की निगरानी और व्यवस्थाओं को लेकर भी सतर्कता बरती गई।
परीक्षा देकर निकले तो चेहरे पर दिखा संतोष –
परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते परीक्षार्थियों में परीक्षा को लेकर अलग-अलग अनुभव देखने को मिले। डीएलएड प्रथम सेमेस्टर के परीक्षार्थी आशुतोष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि “प्रश्नपत्र निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप रहा। जिन विषयों की तैयारी की गई थी, उनसे संबंधित प्रश्न आने के कारण अधिकांश सवालों को हल करने में परेशानी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान केंद्र पर व्यवस्थाएं भी संतोषजनक रहीं।”
परीक्षार्थी मिथिलेश कुमार ने बताया कि “परीक्षा में समय प्रबंधन काफी महत्वपूर्ण रहा। प्रश्नपत्र में कुछ सवाल ऐसे रहे, जिनमें उत्तर लिखने के लिए विषय की अच्छी समझ जरूरी थी। हालांकि पर्याप्त तैयारी होने के कारण प्रश्नपत्र हल करने में ज्यादा कठिनाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान अनुशासन और निगरानी की व्यवस्था ठीक रही।”
वहीं परीक्षार्थी ऋतु कुमारी ने बताया कि “परीक्षा को लेकर पहले से तैयारी की थी, जिसका लाभ परीक्षा के दौरान मिला। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र का स्तर सामान्य रहा और अधिकतर प्रश्न पाठ्यक्रम से जुड़े हुए थे। परीक्षा केंद्र पर भी किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।”
अब तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा की तैयारी –
डीएलएड “प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा समाप्त होने के साथ ही अब तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
डायट प्राचार्य रिद्धि पांडेय ने बताया कि “डीएलएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 24 अक्टूबर से शुरू होकर 26 अक्टूबर तक चलेंगी। इसके लिए परीक्षा केंद्रों पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। नकलविहीन, पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं से अनुशासन बनाए रखते हुए आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल होने और अपनी मेहनत के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की।”






