जीरो कमीशन पर चलेगी ‘भारत टैक्सी’, सीएम योगी ने की मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की शुरुआत

SHARE:

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने बुधवार को दो बड़ी सौगातों, ‘भारत टैक्सी’ सेवा और ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर ‘भारत टैक्सी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ ही मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल, उर्वरक मोबाइल एप और कोऑपरेटिव डाटा सेंटर व एप की भी शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान पांच चालकों (सारथियों) को शेयर प्रमाण पत्र तथा पांच किसानों को ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

उत्तर प्रदेश के चार प्रमुख शहरों लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज से शुरू की गई ‘भारत टैक्सी’ सेवा पूरी तरह जीरो कमीशन मॉडल पर काम करेगी। इसमें चार पहिया टैक्सी के साथ दोपहिया और तिपहिया वाहन चालक भी आसानी से पंजीकरण करा सकेंगे। सीएम योगी ने घोषणा की कि इस सेवा से जुड़ने वाले चालकों को पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा केवल यात्रियों को आवागमन की सुविधा ही नहीं देगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा माध्यम भी बनेगी। प्रयागराज महाकुंभ का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि बाइक सेवा से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिली थी। इसी तर्ज पर सीएम ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को ग्रामीण बस सेवा को आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही, राज्य के किसानों के लिए शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से मिलने वाले दीर्घकालिक कृषि ऋण की ब्याज दर को 11 प्रतिशत से घटाकर मात्र 6 प्रतिशत कर दिया गया है। सरकार ने आने वाले वर्षों में 5 लाख लघु एवं सीमांत किसानों को इससे लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश की सहकारिता व्यवस्था तेजी से मजबूत हो रही है; 2017 से पहले बंद पड़े 16 सहकारी बैंकों में से 15 अब मुनाफे में आ चुके हैं और पैक्स की ब्याज मुक्त कैश क्रेडिट सीमा को 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया गया है। किसानों और चालकों दोनों के लिए यह पहल आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now