Sonbhadra News : आरओबी निर्माण के बीच नया रूट डायवर्जन प्लान लागू

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

छोटे वाहनों के लिए नया डायवर्जन लागू, बस-ट्रक समेत भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कस्बे में रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण के चलते यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन और यातायात पुलिस ने नया डायवर्जन रूट लागू कर दिया है। 21 सितंबर से लागू किए गए इस डायवर्जन के तहत छोटे वाहनों के आवागमन के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है, जबकि बस, ट्रक और अन्य भारी वाहनों को डायवर्जन रूट पर पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है।

यातायात पुलिस के अनुसार पन्नूगंज की तरफ से राबर्ट्सगंज आने वाले छोटे वाहन रेलवे क्रॉसिंग से पहले नहर पुलिया से बाएं मुड़कर रेलवे स्टेशन के सामने से होते हुए रेलवे क्रॉसिंग के पास निकलेंगे। इसके बाद दण्डईत बाबा मंदिर की तरफ से होते हुए शहर की ओर जा सकेंगे।

वहीं राबर्ट्सगंज से पन्नूगंज की ओर जाने वाले छोटे वाहनों के लिए राबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग निर्धारित किया गया है। इस मार्ग पर फिलहाल ओवरब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है, ऐसे में वाहनों को निर्माणाधीन हिस्से के किनारे से होकर सीधे पन्नूगंज की ओर जाना होगा।

भारी वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक –

डायवर्जन व्यवस्था में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव भारी वाहनों को लेकर किया गया है। बस, ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों का उक्त डायवर्जन रूट पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को पूर्व में निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही इस्तेमाल करना होगा।

यातायात पुलिस ने आमजन से अपील किया है कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित डायवर्जन रूट का पालन करें और अनावश्यक रूप से निर्माणाधीन मार्ग पर जाने से बचें। पुलिस का कहना है कि निर्धारित रूट का पालन करने से कस्बे में यातायात का दबाव नियंत्रित रखने और जाम की स्थिति से बचने में मदद मिलेगी।

निर्माण के बीच राह आसान रखने की कवायद –

राबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर आरओबी निर्माण के कारण लगातार यातायात का दबाव बना हुआ है। ऐसे में प्रशासन की ओर से छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ता निर्धारित कर यातायात को व्यवस्थित रखने की कवायद की गई है। अब वाहन चालकों की जिम्मेदारी होगी कि वे निर्धारित मार्ग का पालन करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील किया है कि डायवर्जन को लेकर मौके पर लगाए गए संकेतकों और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि निर्माण कार्य के दौरान आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now