सावन मेले व कांवड़ यात्रा को लेकर बिजली विभाग मुस्तैद: 1500 से अधिक खंभों की कराई गई टेपिंग, बदले जा रहे जर्जर तार

SHARE:

सोनभद्र। जिले में 30 जुलाई से प्रसिद्ध गुप्तकाशी शिवद्वार धाम में शुरू हो रहे सावन मेला और ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा को लेकर बिजली विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। मेला क्षेत्र और मुख्य कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं व शिवभक्तों को निर्बाध व सुरक्षित बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए व्यापक स्तर पर सुधार कार्य किए जा रहे हैं। तारों के अत्यधिक लटकने और दो खंभों के बीच दूरी अधिक होने जैसी समस्याओं को दूर करने के लिए अब तक जरूरत के अनुसार 32 से अधिक नए बिजली के खंभे स्थापित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही जर्जर व क्षतिग्रस्त तारों को बदलने तथा ढीले तारों को कसने का कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।

बारिश के मौसम और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए लोहे के बिजली खंभों पर टेपिंग (तिरपाल लपेटने) का कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। अब तक 1500 से अधिक लोहे के खंभों की टेपिंग पूरी कराई जा चुकी है, जबकि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आधा दर्जन के करीब ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाई गई है। चुर्क बाजार से लेकर बढ़ौली चौक, सिविल लाइंस रोड, पन्नूगंज मार्ग, बड़ी नहर से धर्मशाला चौक, घोरावल रोड और शिवद्वार मार्ग तक पूरी मुस्तैदी से सुरक्षा कार्य कराए जा रहे हैं। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह और रॉबर्ट्सगंज के अधिशासी अभियंता ओपी गुप्ता ने स्वयं मेला क्षेत्र और कांवड़ रूट का गहन निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

मेला अवधि के दौरान किसी भी आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने पर तत्काल बहाली के लिए अतिरिक्त ट्रॉली ट्रांसफार्मर तैनात किए गए हैं। अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शिवद्वार धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बिजली से जुड़ी कोई समस्या न हो, इसके लिए मेला क्षेत्र में अतिरिक्त विभागीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। आम जनमानस बिजली से संबंधित किसी भी शिकायत या समस्या के समाधान के लिए विभागीय सीयूजी नंबरों तथा 24 घंटे संचालित हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

7 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now