वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गुरुवार को मुंबई जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6E-6544 के उड़ान भरने से ठीक पहले पायलट की अचानक तबीयत खराब हो गई। पायलट द्वारा विमान उड़ाने में असमर्थता जताए जाने के बाद उड़ान को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बन गई। घटना के समय बोर्डिंग की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई थी और यात्री टर्मिनल भवन के सिक्योरिटी होल्ड एरिया (एसएचए) में इंतजार कर रहे थे। जैसे ही यात्रियों को पायलट के अस्वस्थ होने और उड़ान में देरी की जानकारी मिली, एसएचए में अफरा-तफरी मच गई। एयरलाइन की ओर से समय पर स्पष्ट सूचना न मिलने से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया और प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
सूत्रों के मुताबिक, पायलट की ड्यूटी अवधि (ड्यूटी रोस्टर) समाप्त होने को लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई थी, हालांकि प्राथमिक तौर पर स्वास्थ्य बिगड़ने की बात ही सामने आई है। यात्रियों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए इंडिगो प्रबंधन हरकत में आया और तुरंत वैकल्पिक क्रू की व्यवस्था शुरू की गई। अधिकारियों ने यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और बताया कि अहmमदाबाद से आने वाली अगली उड़ान के पायलट को इस फ्लाइट के संचालन के लिए तैनात किया जा रहा है। वैकल्पिक पायलट की व्यवस्था के बाद ही विमान को मुंबई के लिए रवाना करने की तैयारी की गई, जिससे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी।





