ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा तंज: बोले- केवल नीला रंग अपनाने से नहीं मिलेगा दलितों का वोट

SHARE:

अंबेडकरनगर। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर करारा हमला बोला। उन्होंने सपा के ड्रेस कोड पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल नीला रंग अपना लेने से दलित समाज का वोट नहीं मिलने वाला। राजभर ने कहा कि नीला रंग सपा की देन नहीं है, बल्कि बहुजन समाज पार्टी और सुभासपा लंबे समय से इस रंग का इस्तेमाल करती आ रही हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा अब रंगों की नकल कर रही है और अखिलेश यादव आए दिन नया फॉर्मूला बदलते रहते हैं। पीडीए के नारे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पी से पहली बार हारे, डी से दूसरी बार हारे और ए का मतलब अबकी बार फिर हारेंगे

राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना के गठन पर राजभर ने स्पष्ट किया कि इस संगठन को वह पिछले 24 वर्षों से चला रहे हैं, जिसमें एक लाख सैनिक और 21 हजार कमांडर शामिल हैं, जिनकी अपनी अलग वर्दी है। झांसी और हापुड़ की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने सपा अध्यक्ष पर अपने कार्यकर्ताओं को अनुशासन न सिखाने का आरोप लगाया और कहा कि सपा कार्यकर्ताओं को सुहेलदेव सेना से अनुशासन सीखना चाहिए। राजभर ने अखिलेश यादव पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा शासन में प्रमोशन में आरक्षण समाप्त किया गया, महापुरुषों के नाम पर बनी योजनाओं को बंद किया गया और कांशीराम व बाबा साहब के नाम पर बने जिलों के नाम बदले गए। उन्होंने सपा को ऐतिहासिक गेस्ट हाउस कांड की याद दिलाते हुए कहा कि दलित समाज सपा के कारनामों को भूला नहीं है। वहीं सहारनपुर मस्जिद मामले पर राजभर ने सपा और कांग्रेस पर केवल सियासत करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कोर्ट के नोटिस का जवाब देने के बजाय विपक्षी दल इस मुद्दे पर राजनीति चमका रहे हैं।

Nhs News agency
Author: Nhs News agency

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now