NEET छात्रा का अपहरण कर 16 दिनों तक हैवानियत: हर घंटे नशीले इंजेक्शन दिए, सिगरेट से दागा और चाकू से गोदा

SHARE:

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में रहकर नीट (NEET) की तैयारी कर रही एक 25 वर्षीय छात्रा के अपहरण, बेरहमी से मारपीट और सामूहिक दुष्कर्म का एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोपियों ने छात्रा को लगातार 16 दिनों तक बंधक बनाकर रखा, उसे हर घंटे नशीले इंजेक्शन दिए, बेदम होने तक पीटा और सिगरेट से उसके नाजुक अंगों व हाथों को दागा। दरिंदगी की हदें पार करते हुए आरोपियों ने उसके शरीर को कई जगह चाकू से भी गोदा और उसके भाई की हत्या की धमकी देकर जबरन शादी करने का दबाव बनाया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मामले में तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि बाकी बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं।

मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले की रहने वाली यह छात्रा महोबा शहर में एक किराये का कमरा लेकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पीड़िता ने कोर्ट में दर्ज कराए अपने बयान में आपबीती सुनाते हुए बताया कि बीती 30 अप्रैल की शाम जब वह लाइब्रेरी से पढ़ाई करके अपने कमरे पर लौट रही थी, तभी रास्ते में एक चार पहिया वाहन आकर रुका। गाड़ी में सवार दो-तीन युवकों ने उसे जबरन खींचकर कार के अंदर डाल लिया और बंधक बना लिया। इसके बाद उसे बेहोशी की हालत में अलग-अलग अज्ञात स्थानों पर ले जाया गया। इधर, बेटी से संपर्क न होने पर परेशान मां ने महोबा शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआत में कोई सुराग न मिलने पर 7 मई को पीड़िता की मां ने पठा लवकुश नगर के रहने वाले मोहित, अंकित और संतराम के खिलाफ नामजद अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई। मां ने पुलिस को यह भी बताया कि ये आरोपी पहले भी उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ कर चुके थे, जिसकी रिपोर्ट छतरपुर के महिला थाने में दर्ज है।

लगातार तलाश के बाद आगामी 16 मई को पुलिस ने आखिरकार छात्रा को बरामद कर लिया, लेकिन मौके से आरोपी फरार होने में सफल रहे। इसके अगले दिन संपूर्ण समाधान दिवस में पीड़िता के परिजनों ने पुलिस पर बयान दर्ज करने में ढिलाई बरतने और आरोपियों को राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए भारी हंगामा किया। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आनन-फानन में युवती का बयान दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। पीड़िता ने मजिस्ट्रेट के सामने रोते हुए बताया कि अपहरण के तुरंत बाद ही उसे नशीले इंजेक्शन देकर बेसुध कर दिया गया था। बंधक रहने के दौरान आरोपियों ने न सिर्फ उसके साथ कई बार सामूहिक दुष्कर्म किया, बल्कि उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए। 13 मई को आरोपी उसे प्रयागराज ले गए, जहां उन्होंने उसके मोबाइल में उसके सगे भाई की तस्वीर दिखाकर धमकी दी कि अगर उसने चुपचाप शादी के कागजातों पर दस्तखत नहीं किए, तो उसके भाई की बेरहमी से हत्या कर दी जाएगी। छात्रा के शरीर पर सिगरेट से जलाने के गहरे जख्म और चाकू से गोदने के अनगिनत निशान इस हैवानियत की गवाही दे रहे हैं।

इस पूरे मामले पर महोबा की अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान पूरी संवेदनशीलता के साथ न्यायालय में दर्ज करा दिए गए हैं। बयानों के आधार पर इस घिनौने अपराध में संलिप्त कई अन्य लोगों के नाम भी उजागर हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे सघन पूछताछ की जा रही है और उन्हें जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। फरार चल रहे शेष आरोपियों की धरपकड़ के लिए एसओजी (SOG) और सर्विलांस समेत चार विशेष टीमों को तैनात किया गया है, और पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी दोषी सलाखों के पीछे हों

गे।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now