गोरखपुर में बोले CM योगी: राष्ट्रवाद ही भाजपा कार्यकर्ताओं का मूल संस्कार, यहां बूथ अध्यक्ष भी बन सकता है पीएम-सीएम

SHARE:

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस, सपा, राजद, टीएमसी और डीएमके जैसे भ्रष्टाचार में डूबे दलों के आचरण को समाज कभी सम्मान नहीं देता। इसके विपरीत, भाजपा कार्यकर्ताओं को समाज में जो आदर मिलता है, उसका मुख्य कारण उनके आचरण में समाहित राष्ट्रवाद और भारतीयता की भावना है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के संस्थापकों के मूल्यों और आदर्शों पर चलते हुए देश की एकता, अखंडता, शुचिता और पारदर्शिता के लिए समर्पित रहता है। मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर के सहजनवा विधानसभा क्षेत्र स्थित तेनुआ टोल प्लाजा के पास एक रिजॉर्ट में आयोजित भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और कहा कि देश की सुरक्षा, संस्कृति, सुशासन तथा समृद्धि को एक सूत्र में पिरोने वाली भाजपा देश की इकलौती पार्टी है, जिसने अपनी सरकारों के कार्यक्रमों का आधार इसी राष्ट्रवाद को बनाया है।

‘भाजपा का इतिहास और विकास’ विषय पर केंद्रित सत्र में मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी स्थापना के 50 वर्ष से भी कम समय में भाजपा ने दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में उभरकर केंद्र और देश के 22 राज्यों में राष्ट्रवाद की विचारधारा को मजबूती से लागू किया है। यह दुनिया का एकमात्र ऐसा दल है जो पूरी दृढ़ता के साथ यह उद्घोष करता है कि हमारे लिए ‘राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति का हित अंतिम’ है। इसी संस्कार और मूल्य की वजह से आज जब भी राष्ट्रवाद की बात होती है, तो वैश्विक मंचों पर भारतवंशियों के सामने सिर्फ भाजपा और कमल के फूल का निशान ही उभरकर आता है। इतिहास की कड़वी सच्चाइयों को रेखांकित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को हमारा संविधान निर्मित हुआ और 26 जनवरी 1950 को इसे अंगीकार किया गया, लेकिन पहला आम चुनाव होने से पहले ही कांग्रेस ने तुष्टिकरण का वह खतरनाक खेल फिर से शुरू कर दिया, जिसके कारण कभी देश का विभाजन हुआ था। संविधान के ठीक से लागू होने से पहले ही जब कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति को आगे बढ़ाया, तब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को महसूस हुआ कि देश की राष्ट्रीयता और बेहतर भविष्य के लिए एक नए राजनैतिक दल की आवश्यकता है। इसके बाद, तत्कालीन सरकार के मंत्री पद से इस्तीफा देकर देश की लड़ाई लड़ने वाले महान शिक्षाविद और वीर बलिदानी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में भारतीय जनसंघ की स्थापना हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगे चलकर 6 अप्रैल 1980 को श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ। हालांकि 1985 के संसदीय चुनाव में पार्टी को मात्र दो सीटें मिली थीं, लेकिन आज यह विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुका है। जनसंघ और भाजपा के संस्थापकों ने स्थापना काल में देश के वैभव के लिए जो सपने संजोए थे, पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में वे सभी विचार और संकल्प धरातल पर पूरी तरह साकार हुए हैं। भाजपा की आंतरिक लोकतांत्रिक व्यवस्था की सराहना करते हुए सीएम योगी ने कहा कि हमारे देश में लोकतंत्र मजबूत होना चाहिए और राजनीति को परिवारवाद, क्षेत्रवाद, मत और मजहब के संकुचित दायरे से ऊपर उठकर देश हित में काम करना चाहिए। भाजपा इसी मूलमंत्र पर काम करती है। उन्होंने गर्व से कहा कि यह केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है, जहां बूथ स्तर का एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता और निष्ठा के बल पर पार्टी का प्रदेश व राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और यहां तक कि देश का प्रधानमंत्री भी बन सकता है, क्योंकि इस दल में कोई परिवार नहीं बल्कि सिर्फ संगठन और कार्यकर्ता ही मायने रखता है। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई एक भव्य विकास प्रदर्शनी का भी फीता काटकर उद्घाटन किया, जिसमें केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभिन्न विकासपरक उपलब्धियों और गोरखपुर के बदलते स्वरूप को बेहद आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now