लखनऊ के मोहनलालगंज में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मोहनलालगंज और नगराम पुलिस ने राजस्व विभाग की टीम के साथ मिलकर गैंगस्टर एक्ट के आरोपी प्रमोद कुमार उपाध्याय और उसके संगठित गिरोह की करीब 5 करोड़ 78 लाख 60 हजार 20 रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर ली। गैंग का सरगना प्रमोद कुमार उपाध्याय ‘कान्हा उपवन’ नाम से प्लॉटिंग साइट चलाकर मासूम लोगों को सस्ते और आकर्षक जमीन का झांसा देता था। जांच में पाया गया कि यह गिरोह फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीनों की रजिस्ट्री कर ग्राहकों की गाढ़ी कमाई हड़प लेता था और पैसे वापस मांगने पर असलहों के दम पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
एसीपी विकास पांडेय के अनुसार, यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी अपना निशाना बनाता था। अपराधियों का यह जाल इतना बड़ा था कि वर्ष 2020 से अब तक इनके खिलाफ लखनऊ के मोहनलालगंज, पीजीआई, सरोजनीनगर, कैंट और आशियाना जैसे विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास और धोखाधड़ी समेत कुल 66 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत गैंग लीडर प्रमोद, उसके भाई विनोद कुमार उपाध्याय, मदन राम, ओंकारनाथ पाण्डेय और सीमा उपाध्याय को नामजद किया है, जो मूल रूप से बलिया के रहने वाले हैं लेकिन लखनऊ की ओमेक्स सिटी से अपना काला कारोबार संचालित कर रहे थे। कुर्की की इस कार्रवाई के दौरान ओमेक्स सिटी स्थित एक प्लॉट और अर्धनिर्मित मकान के साथ-साथ गिरोह की तीन गाड़ियां—टोयोटा इनोवा, मारुति स्विफ्ट और महिंद्रा बोलेरो भी जब्त की गई हैं। इंस्पेक्टर बृजेश त्रिपाठी ने साफ किया है कि अपराध से कमाई गई संपत्ति पर प्रशासन का प्रहार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद से जहां भू-माफियाओं में हड़कंप मचा है, वहीं ठगी के शिकार सैकड़ों पीड़ितों में न्याय की उम्मीद जागी है
।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






