सोनभद्र। पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बुधवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन और मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में जनपद की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रणनीति तैयार की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों की मौजूदगी में पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुना गया और उनके आवास, अवकाश व वेतन से जुड़े मुद्दों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। अनुशासन और जनसामान्य के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
अपराध समीक्षा के दौरान पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए तीन महीने से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की प्रगति जांची गई। विशेष रूप से पुरस्कार घोषित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाने और एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ऑपरेशन दहन के अंतर्गत मालखानों में जमा अवैध पदार्थों के निस्तारण और गो को तस्करी में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही गई। इसके साथ ही साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल बरामदगी और साइबर फ्रॉड की धनराशि फ्रीज करने के प्रतिशत को सुधारने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन और अन्य पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए समय सीमा तय की गई। न्यायालय से संबंधित सम्मन और वारंट की तामील सुनिश्चित करने के साथ ही ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित वादों की समीक्षा की गई। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोकथाम और तकनीकी पोर्टलों पर विवेचनाओं की शतकेप्रतिशत लिंकिंग सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से उन्नत बनाना हा।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"




