आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । वन बॉन्ड, वन सैलरी की मांग को लेकर लखनऊ में आंदोलन कर रहे रेजिडेंट डॉक्टरों पर कथित पुलिस बल प्रयोग को लेकर जिले के डॉक्टरों में आक्रोश है।
शुक्रवार को ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के बैनर तले ने घटना के विरोध में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपकर पूरे प्रकरण में हस्तक्षेप करने, निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि लखनऊ में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे चिकित्सकों के साथ बल प्रयोग किया गया। इस दौरान डॉ0 सूरज के पैर में चोट लगने, जबकि एक अन्य चिकित्सक के हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी दी गई है। एसोसिएशन ने इस घटना को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों पर सवाल उठाए।
ज्ञापन में कहा गया कि चिकित्सक विषम परिस्थितियों में भी मरीजों के उपचार और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कथित बल प्रयोग किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। एसोसिएशन ने एक प्रशासनिक अधिकारी पर भी बलपूर्वक व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पत्र के हस्ताक्षरकर्ता ने स्वयं घटना का प्रत्यक्षदर्शी होने का उल्लेख किया है।
घायल चिकित्सकों को सहायता और जिम्मेदार लोगों पर कार्यवाही की मांग –
रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और घायल चिकित्सकों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही वन बॉन्ड, वन सैलरी की मांग को लेकर चिकित्सक प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर समस्या का समाधान निकालने की अपील की गई है।
एसोसिएशन का कहना है कि चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी संवाद व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। चिकित्सकों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है, जिससे वे बिना किसी भय के मरीजों की सेवा कर सकें।
प्रदर्शन के दौरान अखिलेश कुमार, प्रत्युश सिंह, राहुल सिंह, मुकेश कुमार मौर्य, अरविंद कुमार वैश्य, अनुभव राय, अभिषेक विश्वकर्मा सहित अन्य रेजिडेंट डॉक्टर मौजूद रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





