लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुलायम सिंह यादव की जयंती पर अपने पिता को नमन करते हुए उनके विचारों, सिद्धांतों और जीवन से जुड़ी सीख को याद किया। उन्होंने समाजवादी सिद्धांतों तथा मानवीय व व्यावहारिक मूल्यों को और अधिक दृढ़ता से आत्मसात कर जीवन के हर क्षेत्र में व्यवहार में उतारने का संकल्प दोहराया। जयंती के अवसर पर भावुक हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पिता के व्यक्तित्व से जुड़ी दो महत्वपूर्ण जीवन सीख साझा कीं। पहली सीख का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा कि किसी व्यक्ति के बुरे वक्त में उसके साथ खड़े रहना और मदद की उम्मीद लेकर आए हर व्यक्ति की यथासंभव सहायता करना ही सच्ची मानवीय संवेदना है, जिसे जीवन में हमेशा अपनाए रखने की जरूरत है।
दूसरी सीख को साझा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि कई बार परिस्थितियों, गलतफहमियों या किसी दबाव के कारण कोई व्यक्ति खिलाफ हो सकता है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि वह हमेशा बुरा या गलत ही रहेगा। यदि कभी कोई व्यक्ति सच्चे मन और निस्वार्थ भाव से रिश्तों को सुधारने की पहल करता है, तो उसके बढ़े हुए हाथ को थामने में संकोच नहीं करना चाहिए और रिश्तों में संवाद, उदारता व आपसी समझ के लिए हमेशा जगह बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नेताजी की विचारधारा केवल सिद्धांतों तक सीमित न रहे, बल्कि उनके मानवीय मूल्यों को व्यवहार में उतारना, जरूरतमंद की मदद करना, कठिन समय में साथ देना और टूटते रिश्तों को जोड़ने की पहल करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






