सोनभद्र। चक्रवाती तूफान के असर से शनिवार को जिले में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा और दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के बीच रुक-रुककर हुई बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पककर खड़ी धान की फसल और कटाई के बाद पड़ी उपज भीग जाने से दाने काले पड़ने व गुणवत्ता खराब होने का खतरा बढ़ गया है। जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार के मुताबिक अगले दो दिनों तक बारिश के अलर्ट के चलते कटी फसल को पांच से दस फीसदी तक नुकसान होने की आशंका है। बारिश से धान की खरीद प्रभावित होने के साथ ही कटाई व मड़ाई में देरी होने से खेत खाली न हो पाने के कारण गेहूं, चना, मटर और सरसों जैसी रबी फसलों की बोवाई भी पिछड़ सकती है। मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे इलाकों में शुक्रवार दोपहर बाद से शुरू हुई बारिश का असर शनिवार को पूरे जिले में दिखा। धान खरीद केंद्रों के बाहर रखी उपज को बचाने के लिए किसानों को तिरपाल व अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित जिन किसानों की फसल को बारिश से नुकसान हुआ है, वे निर्धारित समय के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं, ताकि बीमा कंपनी की ओर से आगे की कार्रवाई हो सके।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार नवंबर में जिले में इस वर्ष पिछले छह वर्षों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। वर्ष 2021 और 2022 में नवंबर में कोई बारिश नहीं हुई थी, जबकि 2023 में एक मिलीमीटर, 2024 में शून्य और 2025 में 2.5 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई थी। वहीं इस बार शनिवार सुबह आठ बजे तक 4.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.8 और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा था, जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 22.8 और न्यूनतम तापमान करीब पांच डिग्री बढ़कर 18 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वातावरण में नमी 98 फीसदी तक दर्ज की गई और ठंडी हवाओं का भी असर बना रहा। उधर, बदलते मौसम के बीच जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एसएस पांडेय ने बताया कि सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है, जबकि सांस व एलर्जी के मरीजों को अधिक परेशानी हो सकती है, ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों की सेहत का विशेष ख्याल रखने, ठंड से बचने और गुनगुना पानी पीने की जरूरत है।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.






