Sonbhadra News : हेरोइन तस्करी की काली कमाई से बनाया 87 लाख का मकान, पुलिस ने पत्नी के नाम की संपत्ति की कुर्क

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । नशे के अवैध कारोबार से अकूत संपत्ति खड़ी करने वाले तस्करों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने अब उनकी आर्थिक कमर तोड़ने की कार्रवाई तेज कर दी है। हेरोइन की तस्करी से अर्जित काली कमाई से पत्नी के नाम पर मकान बनवाना चोपन के एक आरोपी को भारी पड़ गया। पुलिस ने रविवार को डाला चढ़ाई स्थित 87.04 लाख रुपये से अधिक कीमत के मकान को एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीज/कुर्क कर लिया। इस कार्यवाही के साथ ही जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर पुलिस का शिकंजा और कस गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्यवाही की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना चोपन पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(2) के तहत संपत्ति फ्रीज/कुर्क करने की कार्रवाई को अंजाम दिया।

पत्नी के नाम पर बनवाया था मकान –

पुलिस के अनुसार थाना चोपन में धारा 8/21/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट में निरुद्ध अभियुक्त सुधीर उर्फ छोटे निवासी डाला चढ़ाई ने हेरोइन की अवैध तस्करी से अर्जित धनराशि से अपनी पत्नी सुनीता देवी उर्फ बुचिया के नाम पर मकान बनवाया था। मकान संख्या 40026 स्थित इस अचल संपत्ति की कीमत 87,04,283.59 रुपये आंकी गई।

सक्षम प्राधिकारी एवं एनडीपीएस अधिनियम, नई दिल्ली की ओर से 11 नवंबर 2026 को जारी आदेश संख्या NDPSA/FO/1409/DEL/2026 के अनुपालन में 22 नवंबर को संपत्ति फ्रीज/कुर्क की गई। कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी ओबरा रवि कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा की मौजूदगी में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

एक मुकदमे में 16 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल –

सीओ सीटी रणधीर मिश्रा के मुताबिक, मुकदमा संख्या 0319/2026 में अब तक कुल 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी सुधीर उर्फ छोटे भी इसी मुकदमे में जेल में निरुद्ध है। उसकी पत्नी सुनीता देवी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमे और उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। वहीं, सुधीर उर्फ छोटे के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

सात मामलों में 6.43 करोड़ की संपत्ति पर कार्यवाही –

मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस अब तक सात मामलों में कार्रवाई कर चुकी है। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68ई एवं 68एफ के तहत जिले में अब तक छह करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त अथवा फ्रीज की जा चुकी है।

थाना वार कार्यवाही का विवरण – 

  • रॉबर्ट्सगंज: कोडीनयुक्त कफ सिरप से जुड़े मामले में 4,50,13,541 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज।
  • अनपरा: हेरोइन से संबंधित मामले में 26,62,165 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज।
  • शक्तिनगर: एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में 15,72,140 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज।
  • रॉबर्ट्सगंज: हेरोइन के एक अन्य मामले में 1,08,156 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज।
  • म्योरपुर: एनडीपीएस एक्ट के मामले में 38,83,693.52 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज।
  • शक्तिनगर: एनडीपीएस एक्ट के एक अन्य मामले में 23,86,000 रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज।
  • चोपन: हेरोइन तस्करी से अर्जित धनराशि से पत्नी के नाम पर बनाए गए 87,04,283.59 रुपये कीमत के मकान को फ्रीज/कुर्क किया गया।

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now