अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में चल रहे कार्तिक मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच रामलला के सुगम और वीआईपी दर्शन की मांग खासी बढ़ गई है। आलम यह है कि राम मंदिर में ऑनलाइन वीआईपी दर्शन के पास दो दिसंबर तक फुल हो चुके हैं, जबकि आरती में शामिल होने के लिए मिलने वाले ऑनलाइन पास भी उपलब्ध नहीं हैं, जिससे भक्तों को आगे की तिथियों में पास खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है। मंदिर में उमड़ रही भीड़ का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार्तिक मेले के दौरान रोजाना करीब एक से सवा लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर रहे हैं। बड़ी संख्या में भक्त सामान्य कतार के बजाय तय समय पर सुगम दर्शन के लिए ऑनलाइन पास को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे इसकी उपलब्धता तेजी से भर रही है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से रोजाना कुल सात स्लॉट में लगभग 3500 ऑनलाइन पास जारी किए जाते हैं, जिनमें प्रत्येक स्लॉट में 500 पास निर्धारित हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे यह संख्या सीमित पड़ रही है। इसी बीच दर्शन और आरती के ऑनलाइन पास बुकिंग की व्यवस्था में बदलाव करते हुए अब श्रद्धालुओं को 90 दिन पहले तक बुकिंग करने की सुविधा दे दी गई है। पहले जहां अधिकतम 15 दिन पहले तक ही बुकिंग हो पाती थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 30, 60 और 90 दिन कर दिया गया है, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालु अपनी यात्रा के हिसाब से पहले ही पास बुक कर सकें। हालांकि बुकिंग अवधि बढ़ने के बावजूद कार्तिक मेले और आगे आने वाले धार्मिक आयोजनों के चलते दर्शन व आरती पास की मांग लगातार बनी हुई है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





