आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आसमान से अचानक हवाई हमले की चेतावनी मिले तो अफरातफरी के बीच जान-माल की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए, घायलों को किस तरह सुरक्षित बाहर निकाला जाए और आग लगने जैसी परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य कितनी तेजी से शुरू किया जाए, इन तमाम चुनौतियों को लेकर रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में पुलिस-प्रशासन ने अपनी तैयारियों का इम्तिहान लिया। संभावित हवाई हमले के काल्पनिक परिदृश्य के बीच सायरन बजते ही सुरक्षा टीमें सक्रिय हुईं और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने से लेकर घायलों के रेस्क्यू, अग्निशमन तथा चिकित्सीय सहायता तक की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास किया गया।
रविवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की मौजूदगी में आयोजित एयर स्ट्राइक मॉक ड्रिल में पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन, चिकित्सा, सिविल डिफेंस और आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य किसी भी संभावित हवाई हमले अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना रहा।
मॉक ड्रिल के दौरान सायरन के जरिए हवाई हमले की काल्पनिक चेतावनी प्रसारित की गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों और अन्य प्रतिभागियों ने निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का अभ्यास किया। पुलिस लाइन के आवासीय परिसरों में रहने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों को भी आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हुईं राहत-बचाव टीमें –
काल्पनिक हवाई हमले के बाद नुकसान और लोगों के घायल होने की सूचना मिलते ही घटना सूचना दल, पुलिस सुरक्षा दल, राहत एवं बचाव टीम, फायर सर्विस और मेडिकल टीम को सक्रिय किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और राहत-बचाव कार्यों के लिए रास्ता सुरक्षित कराया। इसके बाद बचाव दल ने घटनास्थल पर फंसे लोगों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने तथा सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का अभ्यास किया।
सिलेंडर में आग बुझाने का भी हुआ प्रदर्शन –
मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने आग लगने की काल्पनिक स्थिति में आग पर नियंत्रण पाने के तरीकों का प्रदर्शन किया। विशेष रूप से गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे सुरक्षित तरीके से बुझाने, गैस आपूर्ति बंद करने और आवश्यक सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि ऐसी परिस्थितियों में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना, सुरक्षित दूरी बनाए रखना और समय रहते अग्निशमन विभाग को सूचना देना बेहद जरूरी है।
घायलों को प्राथमिक उपचार और अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास –
चिकित्सा टीम ने आग से झुलसने, धुएं के कारण दम घुटने और अन्य चोटों की स्थिति में प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया समझाई। घायलों की गंभीरता के आधार पर उनका वर्गीकरण (ट्रायेज), तत्काल चिकित्सीय सहायता और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का भी अभ्यास किया गया। वहीं, राहत-बचाव टीम ने धुएं से प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने और आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का प्रदर्शन किया।
इस संयुक्त अभ्यास में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। मेडिकल टीम, सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड, राजस्व विभाग और फायर सर्विस की टीमों ने भी सक्रिय भागीदारी की।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





