Sonbhadra News : सब्जी छोड़िए, अब नमक-प्याज भी गरीब की पहुंच से दूर! सपा ने बाजार सजाकर किया अनोखा प्रदर्शन

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । एक वक्त था जब सब्जी खरीदने की हैसियत नहीं रखने वाला गरीब आदमी नमक, तेल और प्याज के सहारे सूखी रोटी खाकर भी अपना पेट भर लेता था, लेकिन महंगाई की मार अब इस कदर बढ़ गई है कि गरीब की थाली से ये सहारे भी छिनते नजर आ रहे हैं। कभी मामूली कीमत पर मिलने वाला लहसुन, प्याज और सरसों का तेल अब आम आदमी की जेब पर भारी पड़ने लगा है। रसोई के बिगड़ते बजट और बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में अपना आक्रोश जाहिर किया। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने लहसुन, प्याज और सरसों के तेल की दीपक-अगरबत्ती जलाकर आरती उतारी और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लहसुन, प्याज और सरसों के तेल को सामने रखकर की गई प्रतीकात्मक पूजा के जरिए उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि महंगाई ने आम आदमी की रसोई में रोजमर्रा की जरूरतों को भी महंगा बना दिया है। उनका कहना था कि खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों का सीधा असर गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों की जेब पर पड़ रहा है। परिवार की आमदनी सीमित है, लेकिन रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है।

सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि “लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी के सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा कर दिया है। सरसों का तेल, लहसुन, प्याज, चीनी सहित आवश्यक खाद्य वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं। दूसरी तरफ बेरोजगारी की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। आम जनता महंगाई और बेरोजगारी की दोहरी मार झेलने को मजबूर है। सरकार को आम लोगों की परेशानियों को समझते हुए आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण और राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।”

वहीं, सपा नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरी और अशोक भारती ने कहा कि “भाजपा ने अच्छे दिनों का सपना दिखाकर सत्ता हासिल की थी, लेकिन आज आम आदमी महंगाई से परेशान है। रसोई का बजट लगातार बिगड़ रहा है और गरीब परिवारों के लिए जरूरी खाद्य वस्तुएं खरीदना भी मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल साबित हुई है।”

गोपाल गुप्ता और प्रकाश केवट ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण, बेरोजगार युवाओं को रोजगार और आम जनता को आर्थिक राहत देने के मोर्चे पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की बुनियादी जरूरतों से जुड़े मुद्दों की अनदेखी नहीं की जा सकती।”

प्रदर्शन में अखिलेश भारती, राजेश मौर्य, सरोज पटेल, बचाऊ बियार, सुभाष यादव, जुनैद अंसारी, राजेंद्र प्रसाद, श्याम देव यादव और रोहित प्रजापति समेत समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now