लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच प्रदेश के पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। छठ पर्व के समापन के बाद अब महकमे में बड़े पैमाने पर तबादले किए जाने हैं, जिसकी सूची मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली से वापस लौटते ही जारी होने की पूरी संभावना है। इस संभावित तबादला सूची में दो पुलिस कमिश्नर समेत करीब दो दर्जन से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। विशेष रूप से नोएडा और वाराणसी कमिश्नरेट में अहम बदलाव किए जाने की तैयारी है, ताकि चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक ढांचे को पूरी तरह दुरुस्त किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग ने एक ही जिले में पिछले तीन वर्षों से तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल हटाने का स्पष्ट निर्देश दिया है। इसके साथ ही पिछले चुनावों के दौरान जिन अधिकारियों की तैनाती जिन क्षेत्रों में रही है, उसका भी परीक्षण कर स्थानांतरण करने को कहा गया है। आयोग ने विगत चुनावों में जिन पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर किसी भी तरह के सवाल उठे थे, उन्हें भी चिह्नित करने के आदेश दिए हैं। इन्हीं दिशा-निर्देशों के अनुपालन में डीजीपी मुख्यालय ने ऐसे पुलिसकर्मियों की सूची तैयार कर ली है और हाल ही में 150 से अधिक निरीक्षकों के तबादले भी किए जा चुके हैं। अब शासन स्तर पर आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादलों की कवायद अंतिम चरण में है और सूची तैयार करते समय इस बात की विशेष सावधानी बरती जा रही है कि नई तैनाती को लेकर निष्पक्षता पर कोई सवाल न उठ सके।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





