Sonbhadra News : आचार संहिता में सरकारी कर्मचारियों की राजनीतिक सक्रियता पर रोक, डीएम ने जारी की सख्त हिदायत

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी चुनाव प्रचार अथवा राजनीतिक अभियान में हिस्सा नहीं ले सकता। सरकारी पद, अधिकार और आधिकारिक हैसियत का इस्तेमाल किसी राजनीतिक दल, व्यक्ति या समूह के पक्ष में करना भी प्रतिबंधित है।

जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश तथा भारत निर्वाचन आयोग की ओर से सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के आचरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत सरकारी सेवकों को अपनी राजनीतिक निष्पक्षता बनाए रखना अनिवार्य है। उन्हें किसी भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी के पक्ष में अपनी आधिकारिक पहचान अथवा पद का इस्तेमाल करने से बचना होगा।

उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता के प्रावधान केवल सरकारी विभागों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सरकार से पूर्ण अथवा आंशिक वित्तीय सहायता प्राप्त करने वाले संगठनों, समितियों, निगमों और अन्य संस्थाओं पर भी लागू होंगे। इन संस्थाओं में कार्यरत कर्मचारियों को भी निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करना होगा। संबंधित राज्य सेवा आचरण नियमों के तहत सरकारी कर्मचारियों के राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने और चुनावों में राजनीतिक भूमिका निभाने पर प्रतिबंध है।

डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा राज्य सरकार के विभिन्न पदों पर संबद्ध या नियोजित व्यक्तियों को भी निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अनुपालन करना होगा। आदर्श आचार संहिता की अवधि में इन पर भी राजनीतिक निष्पक्षता और आचरण संबंधी प्रतिबंध समान रूप से लागू होंगे। इसके अलावा, ऐसे व्यक्तियों को उस निर्वाचन क्षेत्र अथवा जनपद के किसी भी निर्वाचन संबंधी अधिकारी को आधिकारिक चर्चा या बैठक के लिए आमंत्रित करने की अनुमति नहीं होगी, जहां चुनाव की घोषणा हो चुकी है। ऐसे जनपदों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी आधिकारिक बैठक आयोजित करने पर प्रतिबंध रहेगा।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि आदर्श आचार संहिता और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले किसी भी कृत्य को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजनीतिक निष्पक्षता बनाए रखने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now