Sonbhadra News : पिकअप की भीषण टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, किशोर गंभीर

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । विण्ढमगंज थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों का कहर एक बार फिर देखने को मिला। मंगलवार सुबह धिचोरवा-करहिया मार्ग पर कुड़वा और धिचोरवा बॉर्डर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा कुड़वा के तुमिया टोला निवासी शनिदेव (19वर्ष) पुत्र विजय और कमलेश (15वर्ष) पुत्र देवनाथ मंगलवार सुबह मोटरसाइकिल से करहिया की ओर से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों अपने एक रिश्तेदार के यहां से वापस आ रहे थे। इसी दौरान धिचोरवा-करहिया मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शनिदेव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कमलेश के जांघ और पैर में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही विण्ढमगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना की जानकारी देते हुए गंगा यादव ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। वहीं, विण्ढमगंज थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फरार पिकअप चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now