Sonbhadra News : पहले खुद करें स्व-गणना, फिर घर आएंगे सरकारी कर्मचारी डीएम ने जनपदवासियों से की अपील

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । किसी भी जिले के विकास की दिशा और भविष्य की योजनाओं का खाका तैयार करने के लिए सटीक आंकड़े सबसे मजबूत आधार होते हैं। आबादी कितनी है, परिवारों की संख्या क्या है और लोगों की बुनियादी जरूरतें कितनी हैं, इन तमाम सवालों का जवाब जनगणना से ही मिलता है। ऐसे में जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि विकास की प्राथमिकताएं तय करने का महत्वपूर्ण जरिया भी है। इसी को लेकर सोनभद्र जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपदवासियों को इस बार अपनी और अपने परिवार की गणना खुद ऑनलाइन दर्ज कराने का भी अवसर मिलेगा। इसके लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना पोर्टल की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद के सभी नागरिकों से निर्धारित अवधि में ऑनलाइन स्व-गणना करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग पोर्टल पर जाकर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां स्वयं दर्ज करें साथ ही अपने परिजनों, पड़ोसियों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि जनगणना अभियान में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

डीएम ने जनप्रतिनिधियों से भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि स्वयं स्व-गणना कराएं और अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करें। जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़े भविष्य की सरकारी योजनाओं, नीतिगत निर्णयों और विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे जनगणना कर्मी –

जिलाधिकारी के अनुसार, ऑनलाइन स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद एक दिसंबर से घर-घर जाकर जनगणना की विस्तृत प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस दौरान जनगणना कर्मी (एन्यूमरेटर्स) घरों तक पहुंचकर आवश्यक जानकारियां एकत्र करेंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस दौरान घरों पर उपलब्ध रहें और जनगणना कर्मियों को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए सहयोग करें।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now