आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी क्रम में राज्यमंत्री संजीव गोंड ने ओबरा स्थित रेणुका नदी छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को परखा।
इस दौरान राज्यमंत्री संजीव गोंड ने कहा कि “छठ महापर्व आस्था और लोक परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा के इंतजामों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। सुरक्षा के दृष्टिकोण से महिला पुलिस की भी तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।”
वहीं अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि “छठ महापर्व को देखते हुए नगर पंचायत की ओर से घाटों पर साफ-सफाई सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि व्रती महिला के रात में रुकने के लिए टेंट लगाए गए हैं, कपड़ा बदलने के लिए तकरीबन एक दर्जन चेंजिंग रूम बनवाए गए हैं साथ ही लाइटिंग की भी विशेष व्यवस्था की पर्व के दौरान घाटों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पंचायत की टीम सक्रिय रहेगी।”
ओबरा के उपजिलाधिकारी रवि कुमार पासवान एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न छठ घाटों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





