सरकारी अस्पताल पर जताया भरोसा: सोनभद्र की सीडीओ IAS जागृति अवस्थी ने एमसीएच विंग में दिया बेटे को जन्म

SHARE:

  • सोनभद्र की सीडीओ और यूपीएससी टॉपर आईएएस जागृति अवस्थी ने सरकारी अस्पताल में दिया बेटे को जन्म, पेश की अनूठी मिसाल

सोनभद्र। देश की प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा और वीआईपी जीवनशैली से इतर एक प्रेरणादायक कदम उठाते हुए यूपीएससी सीएसई 2020 की ऑल इंडिया सेकेंड टॉपर और सोनभद्र की मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आईएएस जागृति अवस्थी ने अपने पहले बच्चे को जन्म देने के लिए किसी महंगे निजी अस्पताल के बजाय सोनभद्र स्थित सरकारी अस्पताल को चुना। उनके इस फैसले को सोशल मीडिया पर ‘बदलते उत्तर प्रदेश की बदलती स्वास्थ्य सेवाओं’ की एक खूबसूरत तस्वीर के रूप में सराहा जा रहा है। हमारे संवाददाता से खास बातचीत में आईएएस जागृति ने बताया कि उनके इस निर्णय का उद्देश्य देश-प्रदेश की लाखों महिलाओं का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर भरोसा मजबूत करना और मध्यम वर्ग के परिवारों को यह संदेश देना है कि सरकारी अस्पतालों की निःशुल्क सुविधाएं किसी भी प्राइवेट अस्पताल से कम नहीं हैं, जिससे अनावश्यक आर्थिक बोझ से भी बचा जा सकता है।

मूल रूप से भोपाल की रहने वाली आईएएस जागृति अवस्थी का परिवार प्रशासनिक सेवा के सर्वोच्च शिखर पर है। उनके पति गौरव पांडेय मध्य प्रदेश कैडर के 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में सतना जिले में एडिशनल एसपी के रूप में तैनात हैं, जिनसे उनका विवाह वर्ष 2025 में हुआ था। नवंबर का महीना इस परिवार के लिए बेहद खास रहा है, जहाँ 14 नवंबर को जागृति का जन्मदिन, 22 नवंबर को शादी की सालगिरह और अब 13 नवंबर 2026 को बेटे के जन्म ने खुशियों को दोगुना कर दिया है। इस शुभ अवसर पर सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और उनकी पत्नी आईएफएस आरुषि मिश्रा ने एमसीएच विंग पहुंचकर नवजात शिशु को आशीर्वाद दिया। अपनी कार्यशैली के लिए चर्चित सीडीओ जागृति सोनभद्र में कार्यभार संभालने के तुरंत बाद एक पिछड़े गांव में ट्रैक्टर पर सवार होकर विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंच गई थीं। भोपाल के मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग करने के बाद उन्होंने भेल की नौकरी छोड़कर सिविल सेवा की राह चुनी, जिसमें उनके माता-पिता के कड़े संघर्ष और चार साल तक घर में टीवी न देखने जैसे त्याग का बड़ा योगदान रहा। आखिरकार अपने दूसरे प्रयास में समाजशास्त्र विषय के साथ उन्होंने देश में दूसरा स्थान हासिल कर यह मुकाम हासिल किया।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now