Sonbhadra News : दबंग पर सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप लगा ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे और विरोध करने पर दबंगई दिखाने के आरोप को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश आज कलेक्ट्रेट पहुंच गया। मारकुंडी गांव में ग्राम सभा और वनभूमि की जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने के विरोध में ग्राम प्रधान उधम सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटवाने तथा आरोपित के खिलाफ कार्यवाही की मांग की।

ग्राम प्रधान उधम सिंह ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि “मारकुंडी परगना अगोरी, तहसील राबर्ट्सगंज और थाना चोपन क्षेत्र के आराजी संख्या 3077 स्थित जंगल की भूमि पर गांव के ही बाबूलाल पुत्र स्व0 श्रीराम द्वारा कथित रूप से जबरन कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि इस कब्जे के चलते ग्रामीणों, राहगीरों और विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है।”

प्रधान के मुताबिक, जब ग्रामीणों ने इस अतिक्रमण का विरोध किया तो आरोपित और उसके परिवार के लोगों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। इससे पूरे ग्रामसभा के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने संबंधित पक्ष को कब्जा हटाने तथा दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी थी। इसके बावजूद कथित तौर पर कब्जा नहीं हटाया गया। आरोप है कि सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने भी दबंगई दिखाते हुए उन्हें चुनौती दी जा रही है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर जंगल की सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के आवागमन का रास्ता सुचारु कराने तथा गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की है।

इस दौरान बीडीसी मुलायम यादव, प्रमिला, राजाराम, चंदन, शैलेश गोंड, बंटू, रमाकांत बैगा, बैठोल, राधेश्याम, बबूंदर, रामबरस, भीखम, पिंटू, करन कोल, बेचू, शिवकुमारी, शंभू कोल, अमित, फूलवंती, लालती, सुननी, मुनिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now