Sonbhadra News : निर्माणाधीन आरओबी के वैकल्पिक रास्ते लेंगे छठ व्रतियों की परीक्षा, प्रशासनिक तैयारियों पर उठा सवाल

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । लोक आस्था के महापर्व छठ पर जहां पूरा सोनांचल भगवान सूर्य की आराधना में लीन होने की तैयारी कर रहा है, वहीं निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज इस बार छठ व्रतियों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकता है। शाहगंज रजवाहा स्थित छठ घाट तक पहुंचने वाले रास्ते की बदहाल स्थिति और आवागमन के लिए अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। हालात यह हैं कि रेलवे फाटक मार्ग पर महज चार फीट के संकरे रास्ते से लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है। ऐसे में छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

सबसे गंभीर स्थिति उन महिलाओं के लिए है, जो छठी मइया के प्रति अटूट आस्था और मनोकामना के साथ अपने घरों से साष्टांग दंडवत करते हुए घाट तक पहुंचती हैं। उनके लिए रास्ते में पर्याप्त जगह, सुरक्षित आवागमन और निर्बाध मार्ग बेहद जरूरी है। लेकिन निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के चलते रास्ता पहले से ही सीमित है। ऐसे में छठ के दिन जब श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी, तब इस संकरे रास्ते पर आवागमन कैसे संचालित होगा, यह बड़ा सवाल है।

आस्था का रास्ता संकरा, प्रशासनिक तैयारी का इंतजार –

शाहगंज रजवाहा छठ पूजा का प्रमुख केंद्र है। यहां हर साल बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और उनके परिजन भगवान भास्कर को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। कई परिवारों के लिए यह केवल पूजा का आयोजन नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी आस्था और परंपरा का हिस्सा है। लेकिन इस बार निर्माण कार्य के कारण घाट तक पहुंचने का रास्ता ही सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।

हैरानी की बात यह है कि छठ पर्व नजदीक होने के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई स्पष्ट डायवर्जन व्यवस्था सामने नहीं आई है। न ही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग और सुरक्षित पैदल आवागमन को लेकर कोई ठोस इंतजाम दिखाई दे रहा है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो शाम के अर्घ्य और अगली सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान रेलवे फाटक के आसपास भारी अव्यवस्था की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय निवासियों ने उठाई आवाज, प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग –

स्थानीय निवासी अजय का कहना है कि “छठ पर्व कोई सामान्य आयोजन नहीं है। इसमें महिलाएं कई दिनों तक कठिन व्रत रखती हैं और घाट तक पहुंचने के लिए विशेष सावधानी बरतती हैं। ऐसे में महज चार फीट के रास्ते से इतनी बड़ी भीड़ का आवागमन कराना जोखिम भरा हो सकता है। प्रशासन को पर्व से पहले वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करनी चाहिए।”

संतोष सोनी के मुताबिक, “रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण अपनी जगह जरूरी है, लेकिन निर्माण कार्य के कारण आम लोगों और श्रद्धालुओं की सुविधा की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। छठ पूजा के दौरान यहां हजारों लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में प्रशासन और निर्माण एजेंसी को आपसी समन्वय बनाकर तत्काल रास्ते की समस्या का समाधान करना चाहिए।”

शशांक मिश्रा का कहना है कि “सबसे अधिक परेशानी उन व्रती महिलाओं को होगी, जो साष्टांग दंडवत करते हुए घाट तक पहुंचती हैं। संकरे रास्ते पर यदि भीड़ बढ़ी तो उनके लिए आगे बढ़ना भी मुश्किल हो सकता है। प्रशासन को केवल घाट की सफाई और रोशनी तक सीमित न रहकर श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन पर भी ध्यान देना चाहिए।”

वहीं, आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि “छठ पूजा की तारीख पहले से निर्धारित है और प्रशासन को इसकी तैयारियां काफी पहले शुरू कर देनी चाहिए थीं। अभी भी समय है कि रेलवे फाटक के आसपास वैकल्पिक मार्ग तैयार कराया जाए, बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था हो तथा व्रती महिलाओं के लिए अलग सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित किया जाए।”

क्या किसी अनहोनी के बाद जागेगा प्रशासन?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब छठ पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की जानकारी पहले से है तो फिर अब तक डायवर्जन और वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? क्या प्रशासन किसी अप्रिय घटना का इंतजार कर रहा है? क्या निर्माण कार्य के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी नहीं है?

वहीं स्थानीय निवासियों ने जिलाधिकारी चर्चित गौड़, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा और संबंधित रेलवे व निर्माण एजेंसियों को इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने की माँग की है साथ ही रेलवे फाटक के आस-पास ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों के आवागमन पर अस्थायी नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती और व्रती महिलाओं के लिए सुरक्षित पैदल रास्ते की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की भी माँग की है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now