आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• रविवार को अस्ताचलगामी और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती करेंगे सुख-समृद्धि की कामना
• बाजारों में बढ़ी चहल-पहल; घाटों पर सफाई और वेदियों का निर्माण तेज
सोनभद्र । लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ शनिवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत को लेकर पूरे सोनांचल में तैयारियां तेज हो गई हैं। घरों से लेकर बाजारों और पूजा घाटों तक छठ की रौनक दिखाई देने लगी है। रविवार को खरना के बाद व्रती 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू करेंगी। इसके बाद रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और मंगलकामना की प्रार्थना करेंगी।
छठ पर्व को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। पूजा सामग्री, फल, सूप, दउरा, नारियल और अन्य पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है। वहीं, श्रद्धालु घाटों की सफाई, वेदियों के निर्माण और पूजन स्थलों को व्यवस्थित करने में जुटे हुए हैं।
नहाय-खाय से शुरू होगी कठिन साधना –
छठ व्रत की शुरुआत नहाय-खाय से होगी। इस दिन व्रती स्वच्छता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हुए स्नान आदि के बाद अलग चौके में कद्दू-चावल का भोजन तैयार करेंगे। भोजन में शुद्ध घी और सेंधा नमक का प्रयोग किया जाएगा। इसके अगले दिन खरना के अवसर पर व्रती दिनभर उपवास रखेंगे और शाम को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गुड़ से बनी खीर (रसियाव) और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ होगा। खरना के प्रसाद के लिए तैयार आटे से रोटियां बनाई जाती हैं। इसी दौरान बची हुई सामग्री से एक छोटी रोटी तैयार कर रखी जाती है, जिसे ओठगन कहा जाता है। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद इसे ग्रहण कर व्रत का पारण किया जाता है।
सूर्य की लालिमा में वास करती हैं षष्ठी माता –
छठ पर्व में भगवान सूर्य की उपासना के साथ षष्ठी माता की आराधना का भी विशेष महत्व है।
इस संबंध में आचार्य पं0 शिव कुमार मिश्र शास्त्री बताते हैं कि “षष्ठी देवी सूर्य की अरुणिमा यानी लालिमा में निवास करती हैं। मान्यता है कि प्रातः और सायंकाल सूर्य की लालिमा में षष्ठी देवी का वास होता है। इसलिए अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने से षष्ठी माता की भी पूजा-अर्चना संपन्न होती है। उन्होंने बताया कि ब्रह्मवैवर्त पुराण के अनुसार सूर्य और षष्ठी देवी भाई-बहन हैं। छठ पर्व में गीत षष्ठी देवी के गाए जाते हैं, जबकि आराधना भगवान सूर्य की होती है। यही कारण है कि इस महापर्व में दोनों की उपासना का विशेष महत्व माना गया है।”
कई पौराणिक कथाओं में मिलता है छठ व्रत का उल्लेख –
छठ व्रत की महिमा को लेकर कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं। मान्यता के अनुसार मगध के राजा बिंबिसार ने छठ व्रत कर कुष्ठ रोग से मुक्ति पाई थी। दूसरी कथा के अनुसार द्रौपदी और युधिष्ठिर ने यह व्रत किया था, जिसके बाद पांडवों को अपना खोया हुआ राज्य वापस मिला। वहीं, सुकन्या द्वारा विधि-विधान से व्रत करने पर उनके पति को नेत्र ज्योति प्राप्त होने की कथा भी प्रचलित है। एक अन्य मान्यता के अनुसार राजा प्रियव्रत का मृत पुत्र भी छठ व्रत के प्रभाव से जीवित हो गया था।
घाटों पर सफाई के साथ वेदियों का निर्माण तेज –
पूजा को लेकर नगर और आसपास के क्षेत्रों में घाटों की साफ–सफाई के साथ वेदियों के निर्माण का काम तेज हो गया है। श्रद्धालुओं ने जलाशयों के किनारे अपने लिए स्थान चिह्नित कर लिया है। रामसरोवर तालाब, बढ़ौली पोखरा, अकड़हवा पोखरा और शाहगंज रजवाहा समेत विभिन्न मोहल्लों में छठ पूजा की तैयारियां चल रही हैं। कई स्थानों पर घरों में भी कृत्रिम छठ घाट बनाए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न पूजा स्थलों पर छठ माता की प्रतिमाएं स्थापित करने की भी तैयारी है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने लिया घाटों की व्यवस्था का जायजा –
नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पर्व को देखते हुए घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का काम जारी है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






