Sonbhadra News : बैंक की किस्त भरें या पालें परिवार? धर्मशाला तक ई-रिक्शा संचालन पर रोक से चालकों में पूर्व विधायक संग किया प्रदर्शन कर माँगा जवाब

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । बैंक से कर्ज लेकर ई-रिक्शा खरीदा, परिवार की गाड़ी चलाने के लिए स्वरोजगार शुरू किया, लेकिन अब संचालन की सीमा तय होने से चालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। चुर्क से राबर्ट्सगंज तक ई-रिक्शा चलाने वाले चालकों ने धर्मशाला चौराहे तक संचालन की अनुमति देने की मांग उठाई है। आज समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा के नेतृत्व में ई-रिक्शा चालकों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

ई-रिक्शा चालक करीम खान ने बताया कि चुर्क से राबर्ट्सगंज तक ई-रिक्शा चलाकर वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इनमें कई ऐसे शिक्षित बेरोजगार भी हैं, जिन्होंने बैंक से ऋण लेकर ई-रिक्शा खरीदा है। इसी व्यवसाय से होने वाली आमदनी से परिवार का खर्च चलाने के साथ बैंक की किस्तें भी जमा करते हैं। उनका कहना है कि पहले ई-रिक्शा धर्मशाला चौराहे तक जाते थे और कभी-कभी शाहगंज व घोरावल तक भी रिजर्व सवारी लेकर जाते थे। लेकिन अब ट्रैफिक पुलिस की ओर से मंडी गेट के आगे जाने पर रोक लगाई जा रही है। आरोप है कि सवारी छोड़ने के लिए धर्मशाला चौराहे तक पहुंचने पर ई-रिक्शा सीज कर कोतवाली में खड़ा करा दिया जाता है।

वहीं, चालक विजय पांडेय ने यातायात व्यवस्था में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि धर्मशाला चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर छोटी-बड़ी तमाम गाड़ियों का आवागमन होता है। इसी रास्ते से निजी बसें भी गुजरती हैं और सड़क किनारे खड़ी होकर सवारियों को उतारती-बिठाती हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनती है। इसके बावजूद ई-रिक्शा चालकों पर ही सख्ती किए जाने से उनमें नाराजगी है। चालकों का सवाल है कि यदि यातायात नियमों के पालन के नाम पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है तो सभी वाहनों के लिए एक समान व्यवस्था क्यों नहीं लागू की जा रही है?

इस दौरान पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा ने कहा कि सरकार एक तरफ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में विफल है, वहीं दूसरी तरफ स्वरोजगार के सहारे परिवार चलाने वालों के सामने भी मुश्किलें खड़ी की जा रही हैं। गरीब व्यक्ति अपनी जमा-पूंजी लगाकर या बैंक से कर्ज लेकर ई-रिक्शा खरीदता है, ताकि सम्मानपूर्वक परिवार का भरण-पोषण कर सके। ऐसे में यदि उसे निर्धारित मार्ग पर भी वाहन चलाने की अनुमति नहीं मिलेगी तो वह बैंक की किस्तें कैसे चुकाएगा और परिवार का खर्च कैसे चलाएगा? पूर्व विधायक ने बताया कि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से वार्ता हुई है। एसपी ने समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। ई-रिक्शा चालकों ने जनहित और रोजगार का हवाला देते हुए चुर्क से धर्मशाला चौराहे तक संचालन की अनुमति देने की मांग की है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now