आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । साइबर अपराधियों ने ठगी के लिए अब सरकारी सेवाओं से जुड़ी डिजिटल पहचान को ही हथियार बना लिया। जनसेवा केन्द्रों की CSC आईडी पर कब्जा जमाकर साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। कहीं निष्क्रिय आईडी को दोबारा चालू कराने के नाम पर संचालकों से यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल किए जा रहे थे तो कहीं दूसरे लोगों के दस्तावेजों पर फर्जी आईडी तैयार कराई जा रही थी। इस खेल में निर्दोष लोगों की पहचान का इस्तेमाल साइबर अपराध के लिए किया जा रहा था। यहां तक कि एक पीड़ित को गुजरात पुलिस की कार्रवाई का सामना कर जेल तक जाना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनभद्र साइबर क्राइम पुलिस ने नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
निष्क्रिय आईडी को एक्टिव कराने का देते थे झांसा –
मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस (मुख्यालय) मेविस टॉक ने बताया कि “शिकायत के बाद पुलिस की जांच में सामने आया कि जनसेवा केन्द्रों से जुड़े कार्यों में संविदा पर नियुक्त आशीष कुमार पाण्डेय इस पूरे नेटवर्क में अहम भूमिका निभा रहा था। वह जनपद के विभिन्न जनसेवा केन्द्र संचालकों से संपर्क कर उनकी निष्क्रिय CSC आईडी को दोबारा सक्रिय कराने का भरोसा देता था। इस बहाने संचालकों से यूजर आईडी और पासवर्ड हासिल कर लिए जाते थे। इसके बाद पासवर्ड बदलकर संबंधित आईडी साइबर अपराध में संलिप्त लोगों को उपलब्ध करा दी जाती थी। इन आईडी के जरिए साइबर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा था।”
दूसरों के दस्तावेजों पर फर्जी आईडी बनाने का भी खेल –
उन्होंने बताया कि साइबर ठगी का नेटवर्क केवल निष्क्रिय आईडी हासिल करने तक सीमित नहीं था। जांच में पता चला कि आरोपियों द्वारा दूसरे व्यक्तियों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उनके नाम से नई CSC आईडी भी बनवाई जाती थी। इसके बाद उनका सत्यापन कराकर आईडी सक्रिय कराई जाती थी। इस तरह असली लोगों के दस्तावेजों और पहचान का दुरुपयोग कर साइबर अपराधियों को ठगी के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म मुहैया कराया जा रहा था।
बैंक खाता खुलवाने के लिए दिए दस्तावेज, गुजरात पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार –
एएसपी ने बताया कि इस पूरे मामले का सबसे गंभीर पहलू सुकृत निवासी विशाल पटेल से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, विशाल पटेल ने बैंक खाता खुलवाने के उद्देश्य से जनसेवा केन्द्र पर अपने दस्तावेज उपलब्ध कराए थे। आरोप है कि उन्हीं दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम से CSC आईडी तैयार की गई और उसका सत्यापन भी कराया गया। बाद में इस आईडी का इस्तेमाल साइबर अपराध में होने के कारण गुजरात पुलिस ने विशाल पटेल को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें जमानत करानी पड़ी। पीड़ित ने जब अपनी आपबीती पुलिस अधीक्षक के सामने रखी तो मामले में प्रभावी कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।
छात्र समेत कई लोगों की पहचान का हुआ दुरुपयोग –
पुलिस जांच में सुशील कुमार नामक छात्र के नाम पर CSC आईडी बनाकर उसका साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जाने का मामला भी सामने आया है। इसके अलावा ओबरा क्षेत्र के कन्हरा निवासी रमेश कुमार गुर्जर तथा सविता पत्नी रूपनाथ प्रजापति के जनसेवा केन्द्रों की ऑपरेटर आईडी के जरिए भी साइबर धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी मिली है। इन मामलों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कितने लोगों की पहचान और दस्तावेजों का इस्तेमाल उनकी जानकारी के बिना साइबर अपराधियों ने किया।
मिर्जापुर और वाराणसी के दो आरोपी गिरफ्तार –
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी/सहायक नोडल अधिकारी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम पुलिस थाना ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ के लिए बुलाए गए दो आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में आशीष कुमार पाण्डेय पुत्र सुखनन्दन पाण्डेय निवासी उस्मानपुर, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर तथा अभय कुमार गौंड पुत्र शंकर प्रसाद गौंड निवासी नवापुरा, थाना सारनाथ, जनपद वाराणसी शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना पर धारा 318(4) एवं 66(D) में मुकदमा दर्ज है।
ये पुलिसकर्मी रहे शामिल –
कार्यवाही करने वाली टीम में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी, उपनिरीक्षक आशीष पटेल, हेड कांस्टेबल शिवनन्दन सिंह यादव, संजय कुमार वर्मा, योगेश यादव तथा कांस्टेबल सुनील रावत शामिल रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





