आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । शतरंज की बिसात पर चली एक-एक चाल में बच्चों की सूझबूझ, धैर्य और रणनीतिक क्षमता देखने को मिली। किसी ने प्रतिद्वंद्वी को मात देने के लिए सधी हुई चाल चली तो किसी ने अपनी दूरदर्शिता से सबका ध्यान खींचा। मौका था म्योरपुर ब्लॉक में आयोजित ब्लॉक स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का, जिसमें 48 नन्हे खिलाड़ियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय के निर्देशन तथा खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी की प्रेरणा से हिण्डाल्को पार्क, म्योरपुर में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र की सभी आठ न्याय पंचायतों के संकुलों से प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के कुल 48 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
जय सिंह और मुस्कान ने हासिल किया प्रथम स्थान –
प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर पर प्राथमिक विद्यालय हरदिमोड़ के जय सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक विद्यालय गड़िया प्रथम के हिमांशु द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय गड़िया की मुस्कान ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय डढ़ीहरा के विनोद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को पुरस्कार, प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र –
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं, प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
शिक्षकों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी –
कार्यक्रम की रूपरेखा संकुल सीमा ने तैयार की, जबकि मंच संचालन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संकुल अजय कुमार गुप्ता ने निभाई। प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में रेफरी के रूप में शशि रंजन, शरद, पवन, सौरभ, राजू, अजय यादव और ज्ञान प्रकाश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर एआरपी विवेक झा, शिव प्रिया और संकुल शारदा प्रसाद सहित शिक्षक, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों और शिक्षकों ने बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए शिक्षा विभाग की इस पहल की सराहना की।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






