आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । ओबरा में बुधवार को रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया, जहां चलती ट्रेन की चपेट में आकर युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में युवक का एक पैर कटकर अलग हो गया, जबकि युवती के सिर में गंभीर चोट आई। दोनों जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। हैरानी की बात यह रही कि गंभीर हादसे के बावजूद 108 एंबुलेंस को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे लग गए। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना ओबरा थाना क्षेत्र के भलुआ टोला स्थित अंधेरी पुल के समीप रेलवे क्रॉसिंग की है। हादसा रेलवे पोल संख्या 135/18 ए के पास हुआ। ट्रेन की चपेट में आने के बाद युवक और युवती गंभीर रूप से घायल होकर रेलवे ट्रैक के पास पड़े रहे। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद के लिए प्रयास शुरू कर दिए।
बताया जा रहा है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद 108 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। इस दौरान घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोग जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की मांग करते रहे। लोगों का कहना था कि जब किसी की जिंदगी दांव पर लगी हो, तब एंबुलेंस पहुंचने में इतनी देरी बेहद चिंताजनक है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था आखिर कितनी प्रभावी है?
सूचना मिलने पर ओबरा थाना प्रभारी और डायल 112 के पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। दोनों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई।
घायल युवक कोन थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जबकि युवती जुगैल थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। स्थानीय स्तर पर दोनों के बीच प्रेम संबंध होने और अगले महीने उनकी शादी होने की चर्चाएं भी सामने आई हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
वहीं, हादसे की जानकारी मिलने पर जल पुरुष के नाम से विख्यात समाजसेवी रमेश सिंह यादव अपनी पत्नी दुर्गावती देवी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और उनके उपचार में हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
फिलहाल युवक और युवती किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आए, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही सामने आएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर आपातकालीन सेवाओं की तत्परता और गंभीर हादसों में समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





