आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । अपराध करके कानून की गिरफ्त से बचना अब आसान नहीं होगा। जनपद में फरार अपराधियों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। चोपन थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे दो वांछित अभियुक्तों पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस की इस कार्यवाही से फरार आरोपियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दोनों की तलाश में पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त थाना चोपन में पंजीकृत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 3(1) के मुकदमे में वांछित हैं। घटना में संलिप्तता के बाद से ही दोनों लगातार फरार चल रहे हैं। पुलिस की ओर से तलाश किए जाने के बावजूद अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक अभियुक्त पर 20 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे के अतिरिक्त बीएनएस की धारा 109(1), आयुध अधिनियम की धारा 3/25 तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15/18/25/29/60 के तहत भी अभियोग पंजीकृत हैं। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित टीमों को दोनों वांछितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
झारखंड के पलामू जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी –
पुलिस की ओर से जारी विवरण के अनुसार, पहला अभियुक्त पिंटू यादव पुत्र डब्लू यादव निवासी तितलंगी, थाना पिपराटांड़, जनपद पलामू (झारखंड) है। उसका वर्तमान पता गजबोर, थाना पांकी, जनपद पलामू बताया गया है।
दूसरा अभियुक्त सतपाल सिंह खरवार पुत्र स्व0 नागदेव सिंह खरवार निवासी जानजो, थाना पांकी, जनपद पलामू (झारखंड) है।
सूचना देने वाले की पहचान रखी जाएगी गोपनीय –
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोनों वांछित अभियुक्तों के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





