Sonbhadra News : ……आखिर कैसे होगी 66 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा? दूरी बनी चुनौती, 20 अतिरिक्त केंद्रों की दरकार

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• भौगोलिक विषमता और आवागमन की समस्या बनी चुनौती

• डीएम ने 10 से 12 किमी से अधिक दूरी वाले केंद्रों से बचने के दिए निर्देश

सोनभद्र । यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 की तैयारियों को लेकर जनपद में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया तेज हो गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने ऑनलाइन व्यवस्था के तहत सोनभद्र में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए फिलहाल 66 विद्यालयों को केंद्र निर्धारित किया है। हालांकि, जनपद की भौगोलिक विषमता, विद्यालयों के बीच अधिक दूरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की समस्या को देखते हुए 19 से 20 अतिरिक्त परीक्षा केंद्रों की जरूरत बताई गई है। यह मुद्दा मंगलवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपदीय परीक्षा समिति की बैठक में उठा।

जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बैठक में बताया कि “माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जीओ लोकेशन सहित ऑनलाइन अपलोड किए गए 211 विद्यालयों की आधारभूत सूचनाओं के आधार पर 66 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं। इनमें 16 राजकीय, नौ अशासकीय सहायता प्राप्त और 41 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय शामिल हैं। निर्धारित केंद्रों को लेकर प्रधानाचार्यों से प्राप्त आपत्तियों और शिकायतों का विवरण प्रस्तुत करते हुए उन्होंने बताया कि कुल 66 आपत्तियां मिली हैं। इनमें 29 आपत्तियां परीक्षा केंद्र की दूरी, 24 केंद्र बनाए जाने के संबंध में और पांच संसाधनों की कमी के कारण विद्यालय को केंद्र नहीं बनाए जाने से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में परीक्षार्थियों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए अतिरिक्त केंद्रों की आवश्यकता है। साथ ही कुछ केंद्रों पर बोर्ड की ओर से परीक्षार्थियों की संख्या अधिक आवंटित किए जाने से परीक्षा संचालन में कठिनाई की आशंका भी जताई गई।”

धूमिल छवि और डिबार विद्यालयों को नहीं बनाया जाएगा केंद्र –

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने निर्देश दिया कि “किसी भी दशा में धूमिल छवि वाले अथवा डिबार घोषित विद्यालयों को परीक्षा केंद्र न बनाया जाए। परीक्षार्थियों की सुविधा और आवागमन को प्राथमिकता देते हुए 10 से 12 किलोमीटर से अधिक दूरी वाले विद्यालयों को केंद्र आवंटित करने से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों का निर्धारण निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।”

डीएम ने परीक्षा केंद्रों के आवंटन से संबंधित विवरण और बैठक की कार्यवृत्ति पांच नवंबर तक माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ल, चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि, जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now