Sonbhadra News : हाईवे पर अवैध पार्किंग के खिलाफ पुलिस ने कसा शिकंजा, होटल-ढाबों और गैराज संचालकों को थमाया नोटिस

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अव्यवस्थित पार्किंग और वाहनों के अनावश्यक जमावड़े से होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं पर अंकुश लगाने के लिए सोनभद्र पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर हाईवे किनारे संचालित होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, लॉज, भारी वाहन मरम्मत गैराज और टायर पंचर की दुकानों की जांच की। इस दौरान सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े पाए जाने पर वाहन स्वामियों और संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में सोमवार को जनपद के विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने हाईवे किनारे संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और सड़क पर वाहनों की अनधिकृत पार्किंग से यातायात में होने वाली बाधाओं को गंभीरता से लिया।

पुलिस ने होटल, ढाबा और लॉज संचालकों को निर्देश दिया कि अपने प्रतिष्ठानों पर आने वाले वाहनों के लिए परिसर में ही उचित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। वहीं, भारी वाहन मरम्मत गैराज और टायर पंचर की दुकानों को भी सड़क या राजमार्ग पर वाहन खड़ा कर मरम्मत कार्य नहीं करने की हिदायत दी गई। वाहन स्वामियों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने और सार्वजनिक मार्गों पर आवागमन बाधित नहीं करने के निर्देश दिए गए।

सोनभद्र पुलिस ने चेतावनी दी कि निर्देशों की अनदेखी कर दोबारा यातायात बाधित करने अथवा सड़क किनारे अनाधिकृत पार्किंग कराने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों और वाहन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस ने आमजन और प्रतिष्ठान संचालकों से सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा राजमार्गों पर सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now