आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । त्योहारी सीजन में बेहतर कारोबार की उम्मीद लगाए बैठे एक डेकोरेशन कारोबारी को आग ने ऐसा झटका दिया कि उसकी वर्षों की मेहनत पलभर में राख हो गई। करमा थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव में अज्ञात कारणों से गोदाम में लगी भीषण आग से लाखों रुपये का डेकोरेशन का सामान जलकर नष्ट हो गया। त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन में हुई इस भारी आर्थिक क्षति ने कारोबारी की कमर तोड़ दी है। अब पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार भैरोपुर गाँव निवासी गोविंद सिंह मौर्य पुत्र राजाराम मौर्य ‘हर हर महादेव डेकोरेशन’ के नाम से शादी-विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में सजावट का कार्य करते हैं। इस कारोबार में उनका एक दोस्त भी साझेदार है। आगामी त्योहारी सीजन और वैवाहिक आयोजनों को देखते हुए दोनों ने गोदाम में बड़ी मात्रा में डेकोरेशन का सामान एकत्र कर रखा था। इसी बीच बीती रात करीब आठ बजे अचानक गोदाम में आग लग गई।
पीड़ित गोविंद सिंह मौर्य ने बताया कि “बीती रात करीब आठ बजे उनके पड़ोसी ने फोन कर गोदाम में आग लगने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही वह तत्काल गोदाम की ओर रवाना हुए, लेकिन उनके पहुंचने तक आग काफी सामान को अपनी चपेट में लेकर राख कर चुकी थी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा लाखों रुपये का डेकोरेशन का सामान जलकर नष्ट हो चुका था। गोविंद सिंह मौर्य ने आग लगने की घटना के पीछे किसी व्यक्ति का हाथ होने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है।”
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






