आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए मिलने वाली प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसानों के खातों में शुक्रवार को धनराशि पहुंच गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशभर के 9 करोड़ 34 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की। इस किस्त से जिले के भी 1,68,645 किसान लाभान्वित हुए। प्रधानमंत्री की इस पहल का जनपद में भी सीधा प्रसारण कराया गया, जिसे किसानों ने एलईडी टीवी, कंप्यूटर और मोबाइल के माध्यम से देखा।
कार्यक्रम के तहत कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से जनपद, विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर सजीव प्रसारण की व्यवस्था की गई। मुख्य आयोजन कार्यालय उप कृषि निदेशक के सभाकक्ष मंगुराही में हुआ। यहां मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने कार्यक्रम में सहभागिता की। उप कृषि निदेशक राज कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद किसानों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया।
इस दौरान उप कृषि निदेशक राज कुमार एवं जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार से बताया। किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी गई।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने कहा कि “सरकार की ओर से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की, ताकि खेती को और बेहतर बनाने के साथ ही उनकी आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ हो सके।”
वहीं उप कृषि निदेशक राज कुमार ने बताया कि “प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जनपद के 1,68,645 पात्र किसानों के बैंक खातों में 24वीं किस्त की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।”
कार्यक्रम में भूपेंद्र कुमार सिंह, शुभम सिंह, धर्मेंद्र कुमार, मंदीप कुमार, संतोष कुमार, शिव कुमार, संजय सिंह सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






