आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में सुनसान रास्तों पर बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सहिजन गांव के समीप शुक्रवार की शाम बाइक से जा रहे एक युवक को कुछ युवकों ने रोककर लाठी-डंडों से जमकर पीटा, जिससे वह अधमरा हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी बाइक क्षतिग्रस्त करने के साथ जेब में रखे 20 हजार रुपये भी निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। सड़क किनारे घायल पड़े युवक को राहगीरों ने 108 एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहीं पीड़ित ने गाँव के ही कुछ युवकों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सहिजन गांव निवासी बलवंत (28वर्ष) शुक्रवार की शाम किसी काम से रॉबर्ट्सगंज की ओर जा रहा था। बताया जाता है कि रेलवे ट्रैक पार करने के बाद सुनसान स्थान पर कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में बलवंत गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और जेब में रखे करीब 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर घायल युवक पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया। परिजनों का आरोप है कि उपचार के बाद जब वे घटना की तहरीर देने रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचे तो पुलिस ने तहरीर लेकर उन्हें अगले दिन आने की बात कहकर वापस लौटा दिया।
वहीं सीओ सीटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में हैं, पूरे मामले के जाँच के निर्देश दिए गए हैं।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





