आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कमान प्रतापगढ़ के रामपुर खास से तीन बार की विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को सौंपे जाने और इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर सोनभद्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। शनिवार को नगर के स्वर्ण जयंती चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर नई जिम्मेदारियों के लिए पार्टी नेताओं को बधाई दी। कांग्रेस में हुए इन संगठनात्मक बदलावों की पुष्टि पार्टी की ओर से 2 अक्टूबर को की गई थी।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आशुतोष कुमार दुबे ‘आशु’ के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आराधना मिश्रा ‘मोना’, इमरान मसूद, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के समर्थन में नारे लगाए।
नई जिम्मेदारी से संगठन को मिलेगी मजबूती –
आशुतोष कुमार दुबे ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष, इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष, आलोक प्रसाद और देवेंद्र निषाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाए जाने तथा चौधरी वीरेंद्र सिंह को कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आराधना मिश्रा ‘मोना’ लंबे समय से कांग्रेस संगठन और विधानमंडल की राजनीति में सक्रिय रही हैं। रामपुर खास से लगातार तीन बार विधायक रह चुकीं आराधना मिश्रा को प्रदेश संगठन की कमान सौंपे जाने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
आशुतोष दुबे ने कहा कि “संगठन में बदलाव होते रहते हैं। अब शीर्ष नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसके अनुरूप हम सभी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नौजवान, किसान, व्यापारी, मजदूर, दलित, आदिवासी, महिलाएं और बेरोजगार वर्ग से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर कार्यकर्ताओं का जोर रहेगा।”
नई टीम को कार्यकर्ताओं ने दी बधाई –
कार्यकर्ताओं ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ के प्रदेश अध्यक्ष बनने और इमरान मसूद के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर खुशी जताई। साथ ही वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद और देवेंद्र निषाद तथा कांग्रेस विधायक दल के नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह को भी बधाई दी।
इस दौरान कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष एच0पी0 सिंह यादव, पूर्व महासचिव दीपू पांडेय, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सूरज वर्मा, जिला महासचिव दयाराम प्रजापति, राष्ट्रीय संगठन के जिला अध्यक्ष अंशु गुप्ता, अनुसूचित प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राव, शहर अध्यक्ष सुशील राव, व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष राहुल जैन, देवांश केसरी, रोहित भारती, इंजीनियर सुधाकर भारती, मिथिलेश शर्मा, पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव अनिल बीयार, देवेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






