लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं (सत्र 2026-27) के लिए विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया है। परिषद के अनुसार प्रयोगात्मक (प्रैक्टिकल) परीक्षाएं 10 से 25 जनवरी तक आयोजित की जाएंगी, जबकि मुख्य लिखित परीक्षाएं फरवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगी। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले पूर्व मध्यमा प्रथम से उत्तर मध्यमा द्वितीय और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी 3 से 15 अक्तूबर तक सामान्य शुल्क के साथ अपना पंजीकरण व परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। इसके उपरांत 25 रुपये विलंब शुल्क के साथ यह प्रक्रिया 16 से 21 अक्तूबर तक पूरी की जा सकेगी। अभ्यर्थियों के आवेदन पत्रों में ऑनलाइन त्रुटि सुधार और डाउनलोड की सुविधा 22 से 25 अक्तूबर के मध्य उपलब्ध रहेगी, जबकि अंतिम संख्या सूचक नामावली में संशोधन की प्रक्रिया 5 नवंबर तक पूर्ण की जाएगी।
परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र 1 से 7 फरवरी तक डाउनलोड किए जा सकेंगे। परिषद ने सभी वर्गों के लिए पंजीकरण व परीक्षा शुल्क का ब्योरा भी जारी किया है। संस्थागत छात्रों के लिए पूर्व मध्यमा प्रथम में 50 रुपये पंजीकरण शुल्क तय किया गया है, जबकि परीक्षा शुल्क शून्य रहेगा। वहीं पूर्व मध्यमा द्वितीय में 350 रुपये परीक्षा शुल्क, उत्तर मध्यमा प्रथम में 50 रुपये पंजीकरण व 450 रुपये परीक्षा शुल्क तथा उत्तर मध्यमा द्वितीय में 450 रुपये और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में 600 रुपये परीक्षा शुल्क देय होगा। व्यक्तिगत (प्राइवेट) छात्रों के लिए सभी कक्षाओं में 50 रुपये पंजीकरण शुल्क के साथ पूर्व मध्यमा में 450 रुपये तथा उत्तर मध्यमा एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए 550 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





