वाराणसी/जौनपुर। वाराणसी-आजमगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित ढेरही टोल प्लाजा के विरोध में बुधवार को किसानों के उग्र प्रदर्शन के चलते पूरा मार्ग छावनी में तब्दील हो गया। किसानों के आंदोलन की घोषणा को देखते हुए वाराणसी और जौनपुर पुलिस द्वारा मार्ग पर हर दो सौ मीटर की दूरी पर बैरिकेडिंग कर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। इस कड़ी पुलिस घेराबंदी और दोनों जिलों की पुलिस को चकमा देकर ढेरही टोल प्लाजा पहुंचे प्रमुख किसान नेता अजीत सिंह को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उनकी अचानक टोल प्लाजा पर मौजूदगी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उन्हें हिरासत में लेते ही क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया।
टोल प्लाजा के विरोध में नारेबाजी कर रहे कई अन्य आंदोलनकारी किसानों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था अत्यधिक सख्त कर दी गई है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके। वहीं टोल प्लाजा विरोधी इस जनआंदोलन के उग्र रूप लेने के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है। किसान नेताओं का कहना है कि वे टोल प्लाजा की मनमानी के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेंगे, जबकि पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार फ्लैग मार्च कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






