आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । नगर पालिका सोनभद्र के वार्ड नंबर-5 में मेहुड़ी खुर्द-पिथा-सहीजन संपर्क मार्ग की जर्जर और कीचड़युक्त हालत को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं समाजवादी लोहिया वाहिनी के नेता विवेक सिंह पटेल के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं, महिलाओं और स्थानीय लोगों ने हाथों में जूते-चप्पल लेकर प्रदर्शन किया और सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव हो जाता है। सड़क पर गड्ढों और कीचड़ के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। रोजाना इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने मांग किया कि नगर पालिका अथवा विधायक निधि से सड़क का जल्द निर्माण कराया जाए। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विवेक सिंह पटेल ने कहा कि वार्ड के लोगों की यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है। सड़क की बदहाली के कारण लोगों को प्रतिदिन परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क निर्माण और आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की।
विवेक सिंह पटेल ने कहा कि वार्ड के लोगों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि बारिश के दिनों में लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों को कीचड़ और जलभराव के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने नगर पालिका और संबंधित जनप्रतिनिधियों से तत्काल सड़क का निर्माण कराने की मांग की।
स्थानीय महिला उर्मिला देवी ने कहा कि सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण आने-जाने में काफी परेशानी होती है। बच्चों को स्कूल जाने में भी दिक्कत होती है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण की दिशा में जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो आगामी चुनाव में मतदान के बहिष्कार का निर्णय लिया जा सकता है।
प्रदर्शन में शिबू, रवि, संगीता, गुड़िया, संतोष देवी, फूल कुमारी, फूल देवी, विमला देवी, चिंता, रीना देवी, राजेंद्र, पप्पू पासवान, मीरा देवी, कल्पना, दुर्गावती देवी, जितेंद्र समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।






