Sonbhadra News : नए महाप्रबंधक के शक्तिनगर आगमन पर ईसीआरकेयू ने किया स्वागत

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• रेलकर्मियों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन, समाधान का मिला आश्वासन

सोनभद्र । पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के नवनियुक्त महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग के चोपन परिक्षेत्र में प्रथम आगमन पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) शाखा चोपन-1 की ओर से शक्तिनगर स्टेशन पर स्वागत किया गया। शाखा सचिव उमेश कुमार सिंह के नेतृत्व में यूनियन पदाधिकारियों एवं रेलकर्मियों ने महाप्रबंधक को बुके एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान महाप्रबंधक के साथ पहुंचे धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्रा का भी बुके एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।

रेलकर्मियों की समस्याओं से कराया अवगत –

स्वागत के बाद शाखा सचिव उमेश कुमार सिंह ने चोपन परिक्षेत्र के रेलकर्मियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक के समक्ष रखा। उन्होंने समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए विभिन्न बिंदुओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में नये रेलवे आवासों का निर्माण कराने, चोपन स्वास्थ्य यूनिट केंद्र को पूर्ण अस्पताल का दर्जा देने, बिजली कटौती की समस्या से निजात दिलाने के लिए रेलवे की विद्युत लाइन को नगर क्षेत्र से अलग कराने, मगरदहा स्टेशन पर स्थायी रूप से पेयजल की व्यवस्था कराने तथा एनसीएल नेहरू अस्पताल के साथ रेलवे का टाई-अप कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि इन समस्याओं के कारण रेलकर्मियों को लंबे समय से विभिन्न परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लिहाजा रेल प्रशासन स्तर से इनका स्थायी समाधान कराया जाना आवश्यक है।

समस्याओं के निराकरण का मिला आश्वासन –

रेल प्रशासन ने यूनियन की ओर से उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना। महाप्रबंधक हाजीपुर डिम्पी गर्ग एवं मंडल रेल प्रबंधक धनबाद अखिलेश मिश्रा ने संबंधित समस्याओं के आवश्यक निराकरण का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर ईसीआरकेयू के कॉमरेड साथी राकेश कुमार चौरसिया, सुनील सिंह, शक्तिनगर स्टेशन प्रबंधक एस0के0 ठाकुर, कपिल कुमार, अमित कुमार, विजय विश्वकर्मा, आर0सी0 सिंह सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now