Sonbhadra News : अर्नब तूफान के असर से भारी बारिश का अलर्ट, डीएम ने जारी की एडवाइजरी

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• नदी-नालों, बांधों और जलाशयों पर बढ़ाई गई निगरानी, पूर्ण अलर्ट मोड में अधिकारी

• डीएम की अपील- बरसात में जलधाराओं के पास जाने से बचें, सुरक्षा को दें सर्वोच्च प्राथमिकता

सोनभद्र । अर्नब तूफान के प्रभाव से जनपद में लगातार हो रही बारिश और आगामी दिनों में भी अत्यधिक वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मौसम की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारीचर्चित गौड़ ने जनपद में एडवाइजरी जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता के साथ फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा आपदा प्रबंधन टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने और बारिश, जलभराव तथा नदियों एवं जलाशयों के जलस्तर पर पैनी नजर रखने को कहा है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी संवेदनशील स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

नदियों-बांधों के जलस्तर पर विशेष निगरानी –

अर्नब तूफान के प्रभाव से संभावित भारी बारिश को देखते हुए सोन नदी, रिहंद जलाशय, बांधों, नालों एवं अन्य प्रमुख जल निकायों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाणसागर डैम से डिस्चार्ज बढ़ाए जाने की सूचना के मद्देनजर सोन नदी के जलस्तर को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। वहीं रिहंद डैम के गेट वर्तमान में बंद होने के बावजूद जलस्तर की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

जर्जर मकानों और संवेदनशील इलाकों पर नजर –

लगातार बारिश के कारण पुराने एवं जर्जर मकानों के गिरने, पेड़ गिरने, जलभराव और अन्य वर्षाजनित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर ऐसे इलाकों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम स्तर पर ग्राम प्रधान, लेखपाल, सचिव, पंचायत सहायक और अन्य फील्ड कर्मियों के माध्यम से ग्रामीणों को लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। नगरीय क्षेत्रों में भी नगर निकायों एवं संबंधित टीमों को जलभराव वाले स्थानों पर निगरानी रखने तथा लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने को कहा गया है।

नदी-नालों से दूर रहें लोग –

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील की है कि अर्नब तूफान के प्रभाव से हो रही भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से नदी, नाले, जलधाराओं, जलाशयों एवं बांधों के आसपास न जाएं। विशेष रूप से बच्चों को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकें। बारिश के दौरान जलधाराओं का बहाव अचानक तेज हो सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति, जलभराव, पेड़ गिरने, मकान क्षतिग्रस्त होने अथवा अन्य दुर्घटना की सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक अथवा पुलिस अधिकारियों को दें। प्रशासन द्वारा मौसम और जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा सभी संबंधित टीमें पूरी सतर्कता के साथ फील्ड में सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now