आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । त्योहारी सीजन चल रहा है और आज से पितृ पक्ष का भी शुभारंभ हो गया है। ऐसे में खरीदारी से लेकर श्राद्ध और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों को नकदी समेत विभिन्न बैंकिंग सेवाओं की जरूरत पड़ सकती है। इसी बीच 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। हालांकि ग्राहकों के लिए राहत की खबर है कि आज महीने का आखिरी शनिवार होने के कारण बैंक बंद है और 28 सितम्बर से प्रस्तावित हड़ताल शुरू होने से ठीक एक दिन पहले 27 सितंबर यानी रविवार को सभी व्यावसायिक बैंक शाखाएं खुली रहेंगी। ऐसे में ग्राहक रविवार का अतिरिक्त कार्यदिवस समझदारी से इस्तेमाल कर जरूरी बैंकिंग काम निपटा सकते हैं।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की ओर से 28, 29 एवं 30 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। लगातार तीन दिनों तक बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित होने की स्थिति में नकद लेन-देन, चेक संबंधी कार्य, क्लियरेंस और अन्य शाखा आधारित बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है। ऐसे में त्योहार और पितृ पक्ष के बीच अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रविवार को मिल जाएगा जरूरी काम निपटाने का मौका –
हड़ताल से पहले 27 सितंबर को रविवार के दिन बैंक शाखाएं संचालित होने से ग्राहकों को अपने जरूरी बैंकिंग कार्य पूरे करने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। इस दौरान शाखाओं में उपलब्ध नियमित सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा। ग्राहक नकद जमा एवं निकासी, चेक संबंधी कार्य, खाता संबंधी जरूरी सेवाओं समेत अन्य उपलब्ध शाखा आधारित बैंकिंग कार्य निपटा सकेंगे।
आरबीआई के निर्देश पर खुले रहेंगे बैंक –
लीड बैंक अधिकारी सलन बागे ने बताया कि “28, 29 एवं 30 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाओं में संभावित व्यवधान को देखते हुए ग्राहकों की असुविधा कम करने के उद्देश्य से 27 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं संचालित रखने का निर्णय लिया गया है। भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देश के तहत बैंकों की शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं एवं करेंसी चेस्ट को रविवार को संचालित रखने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बैंक ग्राहकों से अपील की कि रविवार को मिलने वाले इस अतिरिक्त कार्यदिवस का लाभ उठाते हुए अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य समय रहते पूरे कर लें, ताकि आगामी तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।”
डिजिटल बैंकिंग रहेगी सहारा, फिर भी बरतें सावधानी –
हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग, एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग जैसी सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है, लेकिन बैंक शाखाओं के कामकाज पर असर पड़ने से कुछ सेवाओं में अप्रत्यक्ष व्यवधान की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए जरूरी भुगतान, नकदी की आवश्यकता और अन्य महत्वपूर्ण बैंकिंग कार्यों को अंतिम समय तक टालना ग्राहकों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
लीड बैंक अधिकारी सलन बागे ने कहा कि “ग्राहकों की सुविधा और निर्बाध बैंकिंग सेवाएं सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे हड़ताल से पहले ही अपनी जरूरत के मुताबिक बैंकिंग कार्य पूरे कर लें।”






