आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों को यात्रा से पहले मेडिकल स्क्रीनिंग कराना अनिवार्य कर दिया गया है। हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से जारी सर्कुलर-13, दिनांक 15 सितंबर 2026 के तहत चयनित यात्रियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण कराकर मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र प्राप्त करना होगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने बताया कि चयनित हज यात्रियों को प्रथम चरण में सरकारी चिकित्सा केंद्र पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना होगा। जांच के बाद एलोपैथिक चिकित्सक द्वारा निर्धारित प्रारूप में मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यात्रियों को मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद समेत अन्य आवश्यक अभिलेख 30 सितंबर 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। इसके अलावा आवश्यक दस्तावेज उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय में 1 अक्टूबर 2026 तक जमा किए जा सकते हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन ने प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग और फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वहीं, विदेशों में रह रहे एनआरआई हज यात्रियों को संबंधित देश के सरकारी चिकित्सालय में मेडिकल स्क्रीनिंग कराकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार रिपोर्ट भेजनी अथवा ऑनलाइन अपलोड करनी होगी।
समयसीमा का रखें विशेष ध्यान –
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने सभी चयनित हज यात्रियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर मेडिकल जांच पूरी कराने और फिटनेस प्रमाण-पत्र व जांच रिपोर्ट सुरक्षित रखने की अपील की है। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण की मेडिकल जांच के दौरान आवश्यकता पड़ने पर इन दस्तावेजों को प्रस्तुत करना पड़ सकता है।





