Sonbhadra News : मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना व भारत टैक्सी सेवा का हुआ शुभारंभ, किसानों और चालकों को मिलेगा सीधा लाभ

SHARE:

 

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण रॉबर्ट्सगंज विकासखंड एवं तहसील क्षेत्र स्थित बी-पैक्स गयारतवल में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना को लेकर आयोजित कार्यक्रम में बताया गया कि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों को सुलभ एवं रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। पात्र कृषकों को 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण महज 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्त जमा करने वाले पात्र किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी दिया जाएगा।

योजना के लिए सरकार ने 384 करोड़ रुपये के ब्याज अनुदान को स्वीकृति दी है। वहीं आगामी पांच वर्षों में करीब 5 लाख किसानों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में अधिकारियों ने बी-पैक्स पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से पात्र किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ दिलाने का आह्वान किया।

‘सारथी ही मालिक की भावना से संचालित होगी भारत टैक्सी सेवा –

कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित इस सहकारी डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म से चालक सदस्य एवं हितधारक के रूप में जुड़ेंगे। ‘सारथी ही मालिक’ की भावना पर आधारित इस सेवा का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही चालकों के आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना है।

भारत टैक्सी सेवा के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि सहकारी मॉडल के तहत चालकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उन्हें सेवा के आर्थिक ढांचे में हितधारक बनाने का प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता संजय कुमार वर्मा सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, बैंक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now